1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. मेसी के मैजिक से अर्जेंटीना क्वार्टर फाइनल में पहुंचा, 2 गोल से पिछड़ने के बाद इजिप्ट को 3-2 से रौंदा

मेसी के मैजिक से अर्जेंटीना क्वार्टर फाइनल में पहुंचा, 2 गोल से पिछड़ने के बाद इजिप्ट को 3-2 से रौंदा

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jul 08, 2026 12:25 am IST,  Updated : Jul 08, 2026 08:27 am IST

लियोनेल मेसी की अगुआई में अर्जेंटीना ने इजिप्ट के खिलाफ 2-0 से पिछड़ने के बाद आखिरी 11 मिनट में शानदार वापसी करते हुए 3-2 से जीत दर्ज की। मेसी ने बराबरी का गोल किया, जबकि एंजो फर्नांडीज ने इंजरी टाइम में विजयी गोल दागकर टीम को क्वार्टर फाइनल में पहुंचा दिया।

Lionel Messi- India TV Hindi
लियोनल मेसी Image Source : AP

जब मैच हाथ से निकलता दिख रहा था, तब एक बार फिर लियोनेल मेसी अपनी टीम के संकटमोचक बनकर सामने आए। आखिरी 11 मिनट में अर्जेंटीना ने ऐसा शानदार खेल दिखाया कि 2-0 से पिछड़ने के बावजूद 3-2 से जीत दर्ज कर ली। मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन की इस रोमांचक जीत में मेसी ने बराबरी का गोल दागकर अहम भूमिका निभाई, जबकि इंजरी टाइम में एंजो फर्नांडीज ने विजयी गोल कर टीम को क्वार्टर फाइनल में पहुंचा दिया। मेसी ने इस मैच में शिरकत करने के साथ ही फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे अधिक नॉकआउट मैच खेलने के मिरोस्लाव क्लोस के सर्वकालिक रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

मेसी का फिर चला जादू

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के इस मुकाबले में इजिप्ट ने शुरुआत से ही अर्जेंटीना पर दबाव बनाए रखा। यासेर इब्राहिम और मोस्तफा जिको के गोलों की बदौलत इजिप्ट ने 2-0 की बढ़त बना ली और ऐसा लगने लगा कि बड़ा उलटफेर होने वाला है। हालांकि, अर्जेंटीना ने हार नहीं मानी। 79वें मिनट में क्रिस्टियन रोमेरो ने पहला गोल कर टीम की वापसी की उम्मीद जगाई। इसके बाद 83वें मिनट में लियोनेल मेसी ने शानदार गोल दागकर मुकाबला 2-2 से बराबर कर दिया। यह मौजूदा वर्ल्ड कप में उनका आठवां और विश्व कप इतिहास का रिकॉर्ड 21वां गोल रहा।

जीत के बाद भावुक हुए मेसी

मुकाबला एक्स्ट्रा टाइम की ओर बढ़ता दिख रहा था, लेकिन इंजरी टाइम में एंजो फर्नांडीज ने निर्णायक गोल कर अर्जेंटीना को 3-2 की यादगार जीत दिला दी। अंतिम सीटी बजते ही मेसी भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। इस मुकाबले में मेसी के पास पहले हाफ में गोल करने का सुनहरा मौका भी था, लेकिन उनका पेनल्टी शॉट इजिप्ट के गोलकीपर मोस्तफा शोबेर ने रोक दिया। इसके अलावा एक बार उनकी शानदार कोशिश गोलपोस्ट से भी टकरा गई।

इस जीत के साथ अर्जेंटीना ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है, जहां उसका सामना शनिवार को अमेरिका के मिसौरी राज्य के कैनसस सिटी में स्विट्जरलैंड बनाम कोलंबिया मुकाबले के विजेता से होगा। मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार वर्ल्ड कप जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरा है। अगर टीम यह कारनामा कर पाती है तो वह 1958 और 1962 में ब्राजील के बाद लगातार दो वर्ल्ड कप खिताब जीतने वाली पहली टीम बन जाएगी।

यह भी पढ़ें:

फीफा वर्ल्ड कप में पुर्तगाल का सफर हुआ समाप्त, मेरिनो के एक गोल से स्पेन ने क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

लियोनल मेसी गोल्डन बूट रेस में चल रहे सबसे आगे, वर्ल्ड कप में लगातार 8 मैचों में गोल करने वाले बने पहले खिलाड़ी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल