भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में आयोजित की जा रही नेशनल इंटर स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सर्वेश कुशारे ने पुरुष हाई जंप के इवेंट में 2.31 मीटर की ऊंचाई पार करने के साथ नया नेशनल रिकॉर्ड बनाने के साथ गोल्ड मेडल को अपने नाम किया। महाराष्ट्र के सर्वेश कुशारे ने 8 साल पुराने तेजस्विन शंकर के 2.29 मीटर के रिकॉर्ड को तोड़ने के साथ अब इसे अपने नाम कर लिया है। सर्वेश कुशारे ने इसी के साथ जापान में होने वाले एशियन गेम्स 2026 के लिए भी अपनी जगह को पक्का कर लिया है।
सर्वेश कुशारे ने तीसरी कोशिश में पार किया 2.31 मीटर की ऊंचाई
महाराष्ट्र के 31 साल के सर्वेश कुशारे ने 27 जून को कलिंगा स्टेडियम में अपने शानदार कंट्रोल से सभी को प्रभावित किया। सर्वेश ने हाई जंप के इवेंट में अपने तीसरे प्रयास में 2.31 मीटर की ऊंचाई को पार करने के साथ तेजस्विन शंकर के 2.29 मीटर के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया जो उन्होंने साल 2018 के अप्रैल महीने में बनाया था। कुशारे ने तीसरे प्रयास के बाद अपनी अगली कोशिश में 2.35 मीटर की ऊंचाई को पार करने की कोशिश की लेकिन वह उसमें सफल नहीं हो सके। वहीं 2.31 मीटर का नया नेशनल रिकॉर्ड बनाने के साथ सर्वेश कुशारे ने एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के क्वालिफाइंग स्टैंडर्ड को भी आसानी से पार कर लिया, जिसके साथ ही उनका एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा लेने का रास्ता भी साफ हो गया।
साल 2019 में इंडियन ओपन जीतकर बनाई थी पहचान
सर्वेश कुशारे को लेकर बात की जाए तो वह घरेलू और इंटरनेशनल सर्किट में पिछले कुछ सालों से लगातार देश के प्रमुख हाई जंप इवेंट के एथलीट में से एक हैं। सर्वेश कुशारे ने जब साल 2019 में इंडियन ओपन हाई जंप का खिताब अपने नाम किया था तो उस समय उन्होंने सभी का ध्यान अपनी तरफ खींचा। इसके बाद उन्होंने साउथ एशियन गेम्स में इंटरनेशनल डेब्यू किया जहां वह 2.21 मीटर की जंप के साथ गोल्ड मेडल जीतने में कामयाब रहे थे। कुशारे ने पेरिस ओलंपिक में भी हिस्सा लिया था और वहीं साल 2025 में टोक्यो में हुई वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हाई जंप के इवेंट में फाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाले पहले भारतीय पुरुष एथलीट बने थे जिसमें उन्होंने 2.28 मीटर के साथ के छठे स्थान पर खत्म किया था।
ये भी पढ़ें
भारतीय महिला धावकों का चीन में दिखा कमाल, एशियन रिले चैंपियनशिप 2026 में 4x100 में जीता गोल्ड मेडल