1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. चाइना ओपन के सेमीफाइनल में पहुंची सात्विक-चिराग की जोड़ी, उन्नति यामागुची से हारकर बाहर

चाइना ओपन के सेमीफाइनल में पहुंची सात्विक-चिराग की जोड़ी, उन्नति यामागुची से हारकर बाहर

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jul 26, 2025 01:10 pm IST,  Updated : Jul 26, 2025 01:10 pm IST

चाइना ओपन सुपर 1000 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत की टॉप पुरुष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।

china open- India TV Hindi
सात्विक-चिराग Image Source : GETTY

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारत की शीर्ष भारतीय पुरुष युगल जोड़ी ने शुक्रवार को यहां चाइना ओपन सुपर 1000 के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली, लेकिन उभरती बैडमिंटन स्टार उन्नती हुड्डा का शानदार सफर समाप्त हो गया। एशियन गेम्स की मौजूदा चैंपियन भारतीय जोड़ी ने क्वार्टर फाइनल में मलेशिया के यू सिन ओंग और ई यी तेओ को 40 मिनट में 21-18, 21-14 से आसानी से हरा दिया। इस जीत के साथ सात्विक-चिराग का मलेशिया की जोड़ी के खिलाफ 7-3 का जीत हार का रिकॉर्ड हो गया है। 

सात्विक और चिराग के सामने मलेशिया की चुनौती

सात्विक और चिराग के सामने अंतिम चार चरण में मलेशिया की दुनिया की नंबर दो जोड़ी आरोन चिया-सोह वूई यिक की चुनौती होगी। इससे पहले उन्नति को क्वार्टर फाइनल में जापान की दुनिया की चौथे नंबर की खिलाड़ी अकाने यामागुची से सीधे गेम में हार का सामना करना पड़ा। पिछले दौर में अपनी आदर्श खिलाड़ी और दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू को हराने वाली 17 साल की उन्नति क्वार्टर फाइनल में जापान की खिलाड़ी से 33 मिनट तक चले मैच में 16-21, 12-21 से हार गईं। उनके बाहर होने के साथ ही टूर्नामेंट में भारत का एकल में अभियान समाप्त हो गया। 

यामागुची ने उन्नति को हराया

उन्नति ने शुरुआती गेम में यामागुची को बराबर की टक्कर दी लेकिन वह अपनी लय बरकरार नहीं रख पाई और जापान की खिलाड़ी ने लगातार पांच अंक बनाकर यह गेम अपने नाम कर दिया। इस गेम में हुड्डा का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन लगातार तीन अंक लेना था। दूसरे गेम में भी यही कहानी दोहराई गई। भारतीय खिलाड़ी ने बीच में थोड़ी देर के लिए चुनौती पेश की और लगातार चार अंक हासिल किए लेकिन यामागुची ने लगातार छह अंक बनाकर दूसरा गेम 21-12 से अपने नाम करके सेमीफाइनल में जगह बनाई। 

(PTI Inputs)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल