1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. Video: ईरान के हमलों के कारण दुबई-अबू धाबी एयरपोर्ट बंद, भारी भीड़ लगी, बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु भी फंसीं

Video: ईरान के हमलों के कारण दुबई-अबू धाबी एयरपोर्ट बंद, भारी भीड़ लगी, बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु भी फंसीं

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Feb 28, 2026 11:31 pm IST,  Updated : Feb 28, 2026 11:38 pm IST

पीवी सिंधु ने दुबई एयरपोर्ट का वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में एयरपोर्ट पर भारी भीड़ नजर आ रही है। सिंधु ने लिखा है कि अगली सूचना तक सभी फ्लाइट कैंसिल कर दी गई हैं।

Dubai Airport- India TV Hindi
दुबई एयरपोर्ट पर भीड़ Image Source : INSTA/PVSINDHU

ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच जारी युद्ध के चलते दुबई और अबू धाबी एयरपोर्ट बंद कर दिए गए हैं। ईरान ने सऊदी अरब में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। ऐसे में एहतियातन एयरपोर्ट बंद किए गए हैं। दुबई और अबू धाबी एयरपोर्ट बंद होने के कारण हजारों की संख्या में यात्री फंस गए हैं। इनमें भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु भी शामिल हैं। सिंधु ऑल इंग्लैंड ओपेन में शामिल होने के लिए बर्मिंघम जा रही थीं। उन्हें दुबई से कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़नी थी। इसी दौरान ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच युद्ध शुरू हो गया। इस वजह से सिंधु फंस गई हैं।

सिंधु ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने एयरपोर्ट की भीड़ का वीडियो शेयर करते हुए कहा कि अगले आदेश तक सभी फ्लाइट कैंसिल कर दी गई हैं। सिंधु से पहले सात्विकसाईराज रंकिरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी बर्मिंघम पहुंच चुकी है। चिराग ने इंस्टाग्राम पर इसकी जानकारी दी।

एक्स पर बयां किया दर्द

सिंधु ने एक्स पर लिखा, "अभी जो हो रहा है, उसे समझना मुश्किल है। ऊपर से इंटरसेप्शन सुनना और यह देखना कि सब कुछ कितनी तेजी से बढ़ गया है, सच में डरावना है। बहुत सारे परेशान करने वाले वीडियो सामने आ रहे हैं और दुख की बात है कि जो हो रहा है उसकी यही सच्चाई है। दुबई एक ऐसा शहर है जिससे मैं बहुत प्यार करती हूं। एक ऐसी जगह जो हमेशा सुरक्षित और जिंदगी से भरी हुई लगी है, जिससे इस पल को समझना और भी मुश्किल हो जाता है।"

फैंस को धन्यवाद कहा

बैडमिंटन स्टार ने फैंस का आभार जताते हुए लिखा, "जो भी मैसेज कर रहे हैं और चेक इन कर रहे हैं, उनका धन्यवाद, यह सच में बहुत मायने रखता है। मैं अभी सुरक्षित हूं, अपनी टीम के साथ दुबई में फंसी हुई हूं और हम ठीक हैं क्योंकि ईरान के साथ युद्ध को लेकर हालात लगातार बदल रहे हैं। एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मची हुई है, कई परिवार फंसे हुए हैं और इंतजार कर रहे हैं, हम सभी बस उम्मीद कर रहे हैं कि हम इससे जल्द ही निकल जाएं। ऐसे पल आपको याद दिलाते हैं कि आम जिंदगी कितनी नाज़ुक है। इससे प्रभावित सभी लोगों की सुरक्षा और शांति के लिए प्रार्थना कर रही हूं।"

ईरान ने सात देशों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया

ईरान ने सात देशों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों के निशाना बनाया है। कतर, बहरीन, जॉर्डन, यूएई समेत कई देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले किए गए हैं। कुवैत में एयरपोर्ट को भी निशाना बनाया गया है। ईरान की तरफ से कहा गया है कि आने वाले समय में भी इजरायल और अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले जारी रहेंगे।

यह भी पढ़ें-

ईरान हमले पर भारत ने जारी किया बयान, एस जयशंकर ने दोनों देशों के विदेश मंत्रियों से की बात

ईरान पर हमले को लेकर अमेरिका-इजरायल पर भड़का रूस, कहा- 'जहां जरूरत होगी, वहां मदद करेंगे'

 

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल