1. Hindi News
  2. टेक
  3. न्यूज़
  4. लंदन में ऊबर के समर्थन में 5 लाख से भी ज्यादा लोगों ने किए हस्ताक्षर

लंदन में ऊबर के समर्थन में 5 लाख से भी ज्यादा लोगों ने किए हस्ताक्षर

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 23, 2017 08:57 pm IST,  Updated : Sep 23, 2017 08:57 pm IST

ब्रिटेन में ट्रांसपोर्ट फॉर लंदन विभाग द्वारा ऐप आधारित कैब सर्विस प्रदाता ऊबर के लाइंसेस का नवीनीकरण नहीं करने के निर्णय को बदलने के पक्ष में करीब 5 लाख लोगों ने एक याचिका पर हस्ताक्षर किए...

Representational Image- India TV Hindi
Representational Image | AP Photo

लंदन: ब्रिटेन में ट्रांसपोर्ट फॉर लंदन (TFL) विभाग द्वारा ऐप आधारित कैब सर्विस प्रदाता ऊबर के लाइंसेस का नवीनीकरण नहीं करने के निर्णय को बदलने के पक्ष में करीब 5 लाख लोगों ने एक याचिका पर हस्ताक्षर किए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘TFL ने शुक्रवार को कहा था कि 'लोगों की सलामती और सुरक्षा मापदंडों' के आधार पर ऊबर लंदन प्राइवेट ऑपरेटर लाइसेंस पाने के लिए 'उपयुक्त और सही' नहीं है।’ ऊबर कंपनी ने कहा है कि वह इस फैसले के खिलाफ अपील करेगी।

ऊबर लंदन ने याचिका की शुरुआत की है और कहा है, ‘अगर यह निर्णय लागू होता है, तो इससे 40,000 लाइसेंसधारी ड्राइवर बेरोजगार हो जाएंगे और लाखों लंदनवासी आसान और सस्ती यातायात सुविधा से वंचित हो जाएंगे।’ ऊबर लंदन का लाइसेंस 30 सितम्बर को समाप्त होने वाला है। टीएफएल के विरुद्ध अपील करने के लिए ऊबर के पास 21 दिन का समय है। टीएफएल की चिंता चालकों की पृष्ठभूमि की जानकारी हासिल करने और गंभीर अपराधों की जानकारी देने के बारे में ऊबर के रुख को लेकर है।

लंदन के एक याचिकाकर्ता ने बताया कि उसने हस्ताक्षर इसलिए किया क्योंकि ऊबर बेहद जरूरी मिनीकैब्स और ब्लैककैब्स का विकल्प उपलब्ध कराती है। यह अन्य विकल्पों की तुलना में ज्यादा सस्ता, सुरक्षित और सुविधाजनक है। एक ट्विटर प्रयोगकर्ता ने कहा कि वह इस निर्णय से दुखी है क्योंकि अगर वह रात में बाहर होती है तो ऊबर उसे असुविधाजनक स्थिति से बाहर निकालती है। लंदन में लगभग 35 लाख लोग और 40,000 वाहन चालक ऊबर ऐप का प्रयोग करते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Tech News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें टेक