1. Hindi News
  2. टेक
  3. न्यूज़
  4. रूस ने चीनी सोशल मीडिया ऐप WeChat पर रोक लगाई

रूस ने चीनी सोशल मीडिया ऐप WeChat पर रोक लगाई

 Written By: Bhasha
 Published : May 06, 2017 03:32 pm IST,  Updated : May 06, 2017 03:32 pm IST

रूसी दूरसंचार प्रहरी रोस्कोम्नादजोर ने देश के इंटरनेट नियमों का पालन ना करने के लिए चीन के लोकप्रिय मैसेजिंग ऐप वीचैट पर प्रतिबंध लगा दिया है।

Representational Image- India TV Hindi
Representational Image

बीजिंग: रूसी दूरसंचार प्रहरी रोस्कोम्नादजोर ने देश के इंटरनेट नियमों का पालन ना करने के लिए चीन के लोकप्रिय मैसेजिंग ऐप वीचैट पर प्रतिबंध लगा दिया है। साउथ चाइना मार्निंग पोस्ट ने शनिवार को अपनी खबर में बताया कि रोस्कोम्नादजोर ने प्रतिबंधित वेबसाइटों की सूची में वीचैट को डाल दिया। टेनसेंट टेक्नोलॉजी ने यह ऐप बनाया है।

शेनजेन स्थित कंपनी ने एक संक्षिप्त बयान में कहा, ‘टेनसेंट को इस कदम की जानकारी है और हम मामले को लेकर रूसी अधिकारियों से बात कर रहे हैं।’ कंपनी ने कहा कि रूस में इंटरनेट सेवा प्रदाताओं के लिए संबंधित सरकारी निकायों में पंजीकरण करने की जरूरत होती है लेकिन इस मुद्दे को लेकर टेनेसेंट की एक अलग समझ थी। रोस्कोम्नादजोर के अनुसार सूचना, सूचना प्रौद्योगिकी एवं सूचना सुरक्षा संबंधी कानून के अनुच्छेद 15.4 के आधार पर ऐप तक पहुंच पर रोक लगा दी गई।

रोस्कोम्नादजोर का आधिकारिक नाम फेडरल सर्विस फोर सुपरविजन इन दि स्फेयर ऑफ टेलीकॉम, इन्फोरमेशन टेक्नोलॉजीज एंड मास कॉम्युनिकेशंस है। वीचैट चीन का सबसे लोकप्रिय मोबाइल सोशल मीडिया ऐप है। 2016 के अंत तक इसके पूरी दुनिया में 88.9 करोड़ सक्रिय उपयोगकर्ता थे। चीन ने खुद कई विदेशी सोशल मीडिया ऐप/साइट पर प्रतिबंध लगाया हुआ है जिनमें Facebook और Twitter भी शामिल हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Tech News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें टेक