सोलर एनर्जी के जरिए आप हर महीने आने वाले बिजली के बिल का खर्चा बचा सकते हैं। हालांकि, सोलर पैनल लगाने में अच्छा-खासा खर्चा आता है, जिसकी वजह से सरकार ने पीएम सूर्य घर योजना के तहत लोगों सो सब्सिडी भी दी है। अगर, आप अपने घर पर 10 किलोवाट का सोलर पैनल लगवाना चाहते हैं तो इसके लिए आपको कितना खर्च करना होगा? इस सोलर सिस्टम को लगाकर घर का कितना लोड चला सकते हैं? साथ ही, कितने बिजली की आप बचत कर सकते हैं? आइए जानते हैं...
10kW के सोलर पैनल का खर्च
भारत में कई ब्रांड के सोलर पैनल मिलते हैं, जिन्हें आप अपने घर की छतों पर लगा सकते हैं। हाल ही में सरकार ने सोलर पैनल को लेकर पॉलिसी में बदलाव किया है, जिसके तहत पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत सब्सिडी लेने के लिए आपको नई ALMM यानी अप्रूव्ड लिस्ट ऑफ मॉडल एंड मैन्युफैक्चरर्स से ही पैनल लगवाना होगा। इस लिस्ट में उन कंपनियों को ही शामिल किया गया है, जो भारत में ही सोलर सेल बनाकर बाजार में बेचते हैं।
सब्सिडी के साथ 10 किलोवाट का सोलर सिस्टम लगवाने में आपको 4 लाख रुपये से लेकर 5 लाख रुपये के बीच का खर्च आएगा। इसमें सोलर पैनल के अलावा इसमें लगने वाले कंपोनेंट्स जैसे कि सोलर इनवर्टर, DCDB (डीसी डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स), ACDB (एसी डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स), वायर, अर्थिंग आदि की कीमत शामिल हैं। अगर, आप बैटरी बैकअप लगाना चाहते हैं तो इसके लिए आपको अलग से भी खर्च करना पड़ सकता है।
वहीं, बिना सब्सिडी वाला सोलर सिस्टम लगाने के लिए आपको करीब 6 लाख से 7 लाख रुपये के बीच का खर्च करना होगा। इसमें सोलर पैनल के अलावा इसमें इस्तेमाल होने वाले कंपोनेंट्स शामिल हैं। बैटरी का खर्च अलग से आ सकता है। अगर, आप हर महीने 700 से 1000 यूनिट्स बिजली की खपत करते हैं तो 10 किलोवाट का सोलर सिस्टम आपके महीने के बिल को जीरो कर देगा।
क्या-क्या चलेंगे लोड?
10 किलोवाट के सोलर सिस्टम पर आप 2 से 3 एयरकंडीशनर (1.5 टन इन्वर्टर टेक्नोलॉजी वाले), 2 हार्स पावर के वाटर पंप या समर्सिबल, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, मिक्सर, गीजर समेत पूरे घर का लोड डाल सकते हैं। इस सिस्टम को आम तौर पर बड़े घरों और दुकानों के साथ-साथ कमर्शियल यूज के लिए लगाया जाता है। बेसिक यूज के लिए आप 3 से 5 किलोवाट का सिस्टम लगवा सकते हैं।
कितनी मिलेगी सब्सिडी?
पीएम सूर्य घर- मुफ्त बिजली योजना के तहत घर की छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए सरकार की तरफ से भारी सब्सिडी ऑफर की जाती है। इस योजना के तहत 1 किलोवॉट (1KW) का सोलर सिस्टम लगाने पर लगभग 30,000 रुपये की सब्सिडी मिलती है। वहीं, 2 किलोवॉट पर 60,000 रुपये और 3 किलोवॉट या इससे ज्यादा पर 78,000 रुपये की सब्सिडी मिलती है। इसके अलावा कई राज्य सरकारें भी अपनी तरफ से सब्सिडी ऑफर कर रही हैं। ऐसे में ग्राहकों को सोलर सिस्टम लगाने पर अच्छी-खासी बचत हो जाती है। इसके अलावा हर महीने 300 यूनिट्स तक की बिजली मुफ्त में दी जाती है।
PM सूर्य घर योजना के लिए कैसे करें अप्लाई?
- पीएम सूर्य घर योजना के तहत सब्सिडी लेने के लिए आप आधिकारिक वेबसाइट से ऑनलाइन अप्लाई कर सकते हैं।
- इसके लिए PM Sury Ghar की वेबसाइट (https://solarrooftop.pmsuryaghar.gov.in/) पर जाएं।
- यहां Register वाले ऑप्शन पर क्लिक करें और आगे बढ़ें।
- अगले पेज पर आपको अपना राज्य, बिजली वितरण कंपनी (DISCOM) और अपना कंज्यूमर नंबर दर्ज करना होगा।
- इसके बाद मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी दर्ज करके रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करें।
- Rooftop सोलर पैनल के लिए अब आपको रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और OTP के जरिए लॉग-इन करना होगा।
- यहां आपको डैशबोर्ड पर दिए गए Apply For Rooftop Solar वाले ऑप्शन पर टैप करना होगा।
- फिर आगे की प्रक्रिया में आवेदन फॉर्म को भरना होगा और अप्रूवल का इंतजार करना होगा।
- अप्रूवल मिलते ही आपको अपने घर की छत पर सोलर पैनल लगवाने के लिए रजिस्टर्ड वेंडर को चुनना होगा।
- पैनल लगाए जाने के बाद DISCOM द्वारा इसे वेरिफाई किया जाएगा।
- इसके बाद आपके बैंक अकाउंट में सरकार द्वारा मिलने वाली सब्सिडी ट्रांसफर की जाएगी।
यह भी पढ़ें - Motorola ला रहा 10200mAh बैटरी वाला टैबलेट, भारत में जल्द होगा लॉन्च