Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या में श्रीराम मंदिर का प्राण-प्रतिष्ठा समारोह 22 जनवरी, 2024 को किया जाएगा। श्रीराम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा पर पूरी दुनिया की नजर है। अयोध्या में बनने वाले श्रीराम मंदिर के नाम पर साइबर अपराधी लोगों को ठग भी रहे हैं। फर्जी वेबसाइट्स का लिंक भेजकर लोगों का बैंक अकाउंट खाली किया जा रहा है। पिछले दिनों ही ऐसा ही एक मामला सामने आया है। अगर, आप भी श्रीराम मंदिर के लिए दान करना चाहते हैं, तो आपको भी साइबर अपराधियों और फर्जी लिंक से बचना होगा। कई मामलों में साइबर अपराधी यूजर्स को फर्जी वेबसाइट का लिंक ई-मेल या मैसेज के जरिए भेज रहे हैं। आस्था के नाम पर दान करने वाले लोग अनजाने में साइबर अपराधियों के अकाउंट में पैसे भेज देते हैं। आइए, जानते हैं फर्जी लिंक और वेबसाइट से कैसे बचना चाहिए?
विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने भी श्रीराम के नाम पर हो रही ठगी के बारे में बताया है। विनोद बंसल ने X पर पोस्ट शेयर करके बताया है, 'कभी VIP दर्शन तो कभी घर बैठे प्रसाद के नाम अनेकों विज्ञापन राम भक्तों को दिगभ्रमित कर, छल कपट का प्रयास कर रहे हैं। Amazon जैसी वेबसाइट पर भी इस तरह के अनेक विज्ञापन देखे जा रहे हैं! समाज को इनसे सावधान रहना होगा। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट ने किसी को भी इन कामों के लिए अधिकृत नहीं किया है। किसी के झांसे में ना आऐं। इन वेबसाइट्स को भी ऐसे झूठे विज्ञापनों को अविलंब हटाना चाहिए अन्यथा, हम कानूनी कार्यवाही के लिए विवश होंगे।'
आपको बता दें कि अयोध्या श्रीराम मंदिर का निर्माण श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट के द्वारा किया जा रहा है। ऐसे में अगर आप भी दान करना चाहते हैं, तो श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र की आधिकारिक वेबसाइट (https://srjbtkshetra.org/) पर ही जाकर करें। इस ट्रस्ट को भारत सरकार ने बनाया है और यहां मिलने वाले दान से ही श्रीराम जन्मभूमि के निर्माण से लेकर देख-रेख आदि की जाएगी।
यह भी पढ़ें - गजब! चीनी कंपनी ने बनाई ऐसी बैटरी, 50 साल तक फोन नहीं करना पड़ेगा चार्ज
संपादक की पसंद