BSNL 5G सर्विस का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। AI Impact Summit में कंपनी के CMD ने 5G सर्विस को लेकर गुड न्यूज दिया है। सरकारी टेलीकॉम कंपनी जल्द ही Airtel, Jio, Vi को टक्कर देने के लिए तैयार है। पिछले साल नवंबर में भारत संचार निगम लिमिटेड ने अपनी स्वदेशी 4G सर्विस पूरे भारत में एक साथ लॉन्च की थी। अब कंपनी जल्द ही 5G सर्विस को लॉन्च करने वाली है। BSNL अपने यूजर्स को 5G रेडी सिम कार्ड मुहैया करा रहा है।
नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इंपैक्ट समिट में कंपनी के चेयरमैन और मैनेजंग डायरेक्टर रॉबर्ट रवि ने BSNL 5G सर्विस को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। कंपनी के CMD ने बताया कि BSNL अगले 6 महीनों में दिल्ली में अपनी 5G सर्विस को सॉफ्ट लॉन्च कर देगा। CMD की घोषणा के मुताबिक, दिल्ली और NCR के BSNL यूजर्स को इस साल के आखिर तक 5G सर्विस का लाभ मिल सकेगा। हालांकि, BSNL की 5G सर्विस लॉन्च करना मौजूदा 4G इंफ्रास्ट्रक्चर को अपग्रेड करने पर निर्भर रहेगा।
BSNL चेयरमैन ने साफ किया है कि कंपनी का मकसद प्राइवेट टेलीकॉम ऑपरेटर्स के साथ प्रतिस्पर्द्धा में खुद को मजबूती के साथ खड़ा करना है। सरकार भारत नेट प्रोजेक्ट के जरिए ग्रामीण इलाकों में Edge AI को तैयार कर रही है। इसके जरिए शहरी इलाकों के साथ-साथ गावों में भी हाई स्पीड इंटरनेट और बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
हाल में आई TRAI की रिपोर्ट में BSNL ने एक बार फिर से लाखों यूजर्स अपने नेटवर्क में जोड़े हैं। सरकारी टेलीकॉम कंपनी के नेटवर्क अपग्रेड और सस्ते रिचार्ज प्लान की वजह से यूजर्स अब धीरे-धीरे BSNL में शिफ्ट हो रहे हैं। निजी कंपनियों में एयरटेल और जियो को छोड़ दिया जाए तो Vi के यूजर्स अलग-अलग टेलीकॉम ऑपरेटर्स में अपना नंबर पोर्ट करा रहे हैं। वोडाफोन-आइडिया के यूजर्स लगातार कम होते जा रहे हैं। BSNL के यूजर्स की संख्यां फिलहाल लगभग 10 करोड़ के करीब है। 5G लॉन्च होने के बाद कंपनी के यूजर्स की संख्यां तेजी से बढ़ सकती है।
इस साल बजट में भी BSNL को इंफ्रास्ट्रक्चर बेहतर तैयार करने के लिए करोड़ों रुपये के फंड की घोषणा की गई है। केंद्रीय टेलीकॉम मिनिस्टर ने हाल ही में BSNL को नेटवर्क क्वालिटी सुधारने का निर्देश दिया है। CMD रॉबर्ट रवि ने कहा कि कंपनी हर टेलीकॉम सर्किल में नेटवर्क क्वालिटी को चेक करने के लिए टीमें तैनात की हैं। ये टीम नेटवर्क की क्वालिटी को चेक करती रहती है और कॉल ड्रॉप रेट की निगरानी करती है। इसके अलावा BSNL ने इस साल VoWiFi सर्विस भी लॉन्च की है। इसके जरिए यूजर्स नो-नेटवर्क एरिया में भी ब्रॉडबैंड की मदद से कॉलिंग की सुविधा ले सकेंगे।
यह भी पढ़ें - AI Impact Summit में Adobe का बड़ा ऐलान, भारतीय छात्रों को फ्री में मिलेंगे Photoshop समेत ये ऐप्स
संपादक की पसंद