BSNL यूजर्स अब अनजान नंबरों के कॉलर्स की पहचान कर पाएंगे। इसके लिए सरकारी टेलीकॉम ऑपरेटर ने CNAP यानी कॉलर नेम प्रजेंटेशन की टेस्टिंग शुरू कर दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ टेलीकॉम सर्किल में इसे प्रायरिटी बेसिस पर टेस्ट किया जा रहा है। फिलहाल प्राइवेट टेलीकॉम ऑपरेटर्स Airtel, Jio और Vi ने कई टेलीकॉम सर्किल में CNAP सर्विस रोल आउट कर दी है। ऐसे में यूजर्स को फोन पर आने वाले कॉलर्स के नाम दिखाई देते हैं।
BSNL ने शुरू की टेस्टिंग
दूरसंचार नियामक TRAI ने टेलीकॉम ऑपरेटर्स को CNAP सर्विस रोल आउट करने का निर्देश दिया था। अनजान नंबरों से आने वाले फर्जी कॉलर की पहचान के लिए इस सर्विस को रोल आउट किया गया था ताकि यूजर्स को पता चल सके कि कौन उन्हें कॉल कर रहा है। TRAI के आदेश के बाद एयरटेल, जियो और वोडाफोन आइडिया ने इस सर्विस को फेज वाइज अलग-अलग टेलीकॉम सर्किल में रोल आउट कर दिया है।
ET टेलीकॉम की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत संचार निगम लिमिटेड फिलहाल प्राइवेट टेलीकॉम ऑपरेटर्स के साथ मिलकर CNAP सर्विस की टेस्टिंग शुरू कर दी है। इंडस्ट्री से जुड़े एक एग्जीक्यूटिव ने दावा किया है कि BSNL ने प्राइवेट ऑपरेटर्स के साथ इसे जोन-वाइज टेस्टिंग शुरू कर दी है। टेस्टिंग पूरी होने के बाद इसे अगले तीन से चार महीने में पूरे भारत में रोल आउट कर दिया जाएगा। BSNL के लिए CNAP को C-DoT ने यह सॉल्यूशन तैयार किया है।
क्या है CNAP?
CNAP यानी Caller Name Presentation सर्विस में फोन पर आने वाले इनकमिंग कॉल में कॉलर का नाम दिखाई देता है। यह सिम खरीदते समय दिए गए CAF यानी कस्टमर एक्वीजिशन फॉर्म में दिए गए नाम दिखाता है। इससे किसी भी अनजान कॉलर का नाम दिखाई देगा और लोग फर्जी कॉलर्स की पहचान कर पाएंगे और खुद को फ्रॉड से बचा सकेंगे। पहले टेलीकॉम ऑपरेटर्स ने CNAP सर्विस शुरू का विरोध भी किया था और कहा था कि ऐसे में यूजर की प्राइवेसी पर असर पर सकता है। हालांकि, बाद में TRAI के रेकोमेंडेशन पर इस सर्विस को रोल आउट किया जा रहा है।
BSNL ने इससे पहले हाल ही में Vo WiFi सर्विस भी शुरू की है। इसमें यूजर्स को बिना नेटवर्क वाले एरिया में भी कॉलिंग की सुविधा मिल सकेगी। Vo WiFi यानी वॉइस ओवर वाई-फाई में यूजर्स के डिवाइस में ब्रॉडबैंड इंटरनेट यानी WiFi की कनेक्टिविटी रहने पर कॉलिंग की जा सकती है। ऐसे में यूजर्स के फोन पर आने वाले जरूरी कॉल्स लो नेटवर्क एरिया में भी मिस नहीं होंगे।
यह भी पढ़ें - घर में लगा WiFi Router कब बदलें? क्या पुराने डिवाइस में नहीं चलता है इंटरनेट?