दुनियाभर के करोड़ों Android स्मार्टफोन पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है। एक नए एंड्रॉइड मेलवेयर का पता चला है, जिसे 23 लाख से ज्यादा बार डाउनलोड किए जाने वाले ऐप में पाया गया है। इस मेलवेयर की सबसे खतरनाक बात ये है कि ऐप को अनइंस्टॉल करने और डिवाइस को फैक्ट्री रीसेट करने के बाद भी यह मेलवेयर यूजर के फोन में मौजूद रहता है और बैंक डिटेल्स और निजी जानकारियों की चोरी करते रहता है।
साइबर सिक्योरिटी फर्म McAfee के रिसर्चर्स ने इस खतरनाक मेलवेयर की खोज की है। इस मेलवेयर को 50 से ज्यादा ऐप्स में छिपा हुआ पाया गया है। ये ऐप्स गूगल प्ले स्टोर से 23 लाख से ज्यादा बार डाउनलोड किए जा चुके हैं। खास तौर पर पुराने Android स्मार्टफोन को यह मेलवेयर निशाना बनाता है। मई 2021 के बाद जिन एंड्रॉइड स्मार्टफोन में सिक्योरिटी अपडेट नहीं मिला है, वो स्मार्टफोन इसकी वजह से सबसे ज्यादा प्रभावित होंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत, अमेरिका और यूरोप के कई यूजर्स इसकी वजह से प्रभावित होंगे।
कैसे काम करता है यह मेलवेयर?
यह मेलवेयर सिस्टम क्लीनर, गेम्स या फोटो गैलरी वाले ऐप्स में छिपकर डिवाइस में एंट्री लेते हैं। ये ऐप्स गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध हैं और इनमें कोई संदिग्ध परमिशन नहीं होती है, जिसकी वजह से यूजर्स इन्हें इंस्टॉल कर लेते हैं। ऐप इंस्टॉल होने के बाद मेलवेयर फोन के सिक्योरिटी खामियों का फायदा उठाता है और डिवाइस का रूट एक्सेस कर लेता है।
रूट एक्सेस का मतलब है कि यह डिवाइस में सिस्टम सॉफ्टवेयर में एंट्री प्राप्त करलेता है। इसकी वजह से फोन को रीसेट करने के बाद भी मेलवेयर डिवाइस में मौजूद रहता है। इस मेलवेयर से बचने के लिए डिवाइस के पूरे फर्मवेयर को दोबारा रिइंस्टॉल करना होता है। अगर, आप नया फोन इस्तेमाल कर रहे हैं और मई 2021 के बाद सिक्योरिटी पैच मिला है तो आपका डिवाइस इस मेलवेयर से सुरक्षित है।
इन मेलवेयर से कैसे बचें?
- आपको एक बात का हमेशा ध्यान रखना होगा कि अपने स्मार्टफोन, टैबलेट या किसी डिवाइस को रेगुलरली अपडेट करते रहें।
- इसके अलावा किसी थर्ड पार्टी या अनजान ऐप को फोन में इंस्टॉल न करें।
- ऐप इंस्टॉल करने से पहले उसके बारे में प्ले स्टोर पर रिव्यू जरूर पढ़ें।
- फोन में आप एंटीवायरस भी इंस्टॉल कर सकते हैं, जो डिवाइस की सिक्योरिटी को और बेहतर बनाकर रखेगा।
यह भी पढ़ें - GPay में आया 'पॉकेट मनी', एक ही UPI से पूरी फैमिली कर पाएंगे पेमेंट, जानें कैसे करें यूज