OnePlus इंडिया हेड रॉबिन लियू के इस्तीफे के बीच ये खबर भी सामने आ रही है कि चीनी कंपनी अपना ऑपरेशन कई ग्लोबल मार्केट में बंद कर सकती है। हालांकि, वनप्लस इंडिया हेड के इस्तीफे का कारण निजी शौक बताया जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी अब केवल घरेलू मार्केट पर ही फोकस करेगी। ग्लोबल मार्केट में कंपनी अपना फोन बिजनेस बंद कर सकती है। वनप्लस ने हाल ही में स्मार्ट टीवी मार्केट से भी एग्जिट किया है। क्या भारत में भी वनप्लस के फोन लॉन्च नहीं होंगे? आइए, जानते हैं...
क्या बंद होगा OnePlus?
OnePlus की तरफ से फिलहाल Shutdown को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। कंपनी अगले महीने भारतीय बाजार में OnePlus Nord 6 लॉन्च करने वाली है, जिसे मिड बजट सेगमेंट में पेश किया जाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी भारतीय बाजार में भी अपना ऑपरेशन जारी रख सकती है। हालांकि, ऐसी खबरें सामने आ रही हैं कि OnePlus प्रीमियम सेगमेंट वाले फोन को भारत समेत ग्लोबल मार्केट में बंद कर सकती है। कंपनी का फोकस मिड बजट सेगमेंट पर शिफ्ट हो सकता है।
OnePlus ने 2014 में भारतीय बाजार में एंट्री मारी थी। इसे Oppo के सब ब्रांड के तौर पर भारत समेत ग्लोबल मार्केट में उतारा गया था। बाद में वनप्लस ने इंडिपेंडेंट ब्रांड के तौर पर ग्लोबल मार्केट में अपनी खास जगह बनाई थी। साल 2020 में कार्ल पे (Carl Pei) के इस्तीफे के बाद पेट लाउ ने कंपनी का कार्यभार संभाला था। बाद में पेट लाउ ने पैरेंट कंपनी Oppo के CPO (चीफ प्रोडक्ट ऑफिसर) के तौर पर मूव हुए थे।
Oppo ने बदली स्ट्रेटेजी
वनप्लस की पैरेंट कंपनी Oppo ने पिछले दिनों रीस्ट्रक्चरिंग और ऑप्टिमाइजेशन के तहत Realme को दोबारा अपनी अंब्रैला में शामिल कर लिया है। रियलमी की तरह OnePlus भी ओप्पो के अंब्रैला के तहत अपने फोन मार्केट में लॉन्च करेगा। वनप्लस के कई प्रोडक्ट अभी भी लॉन्च होने के लिए तैयार हैं। OnePlus 15 की लॉन्चिंग के बाद कंपनी का Hasselblad के साथ कैमरा पार्टनरशिप भी खत्म हो गया है, जिसे कंपनी ने रिन्यू नहीं किया है। वहीं, Oppo के डिवाइसेज के लिए Hasselblad की पार्टनरशिप आगे भी जारी रहेगी।
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रीमियम फोन के कंपोनेंट की शिपमेंट और सप्लाई चेन डिस्टर्ब होने की वजह से वनप्लस ब्रांड के तहत मिड बजट और बजट सेगमेंट के फोन लॉन्च किए जा सकते हैं। वहीं, प्रीमियम सेगमेंट में केवल Oppo के फोन लॉन्च किए जाने की उम्मीद है। वनप्लस की तरफ से फिलहाल ऐसी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। कंपनी फिलहाल केवल इंडिया हेड के इस्तीफे को लेकर कमेंट कर रही है।
यह भी पढ़ें - OnePlus ने लॉन्च किया दुनिया का सबसे पतला 'कूलर', स्मार्टफोन को रखेगा ठंडा