Prevention from Fire Due to AC: बढ़ती गर्मी के बीच घरों में एसी का उपयोग आम बात हो चुकी है और एसी के इस्तेमाल के समय कुछ सावधानियां अपनाने की सलाह दी जाती हैं। एसी चलाते समय सावधान रहने को इसीलिए कह रहे हैं क्योंकि भारत में बढ़ती गर्मी के बीच घरों में एसी ब्लास्ट या एसी में आग लगने की घटनाएं भी तेजी से बढ़ रही हैं। यहां आप जान सकते हैं कि एसी चलाने के दौरान घरों में आग क्यों लग जाती है और इससे बचने के क्या तरीके हैं।
कंप्रेसर का ओवरहीट करना
एसी चलाने के दौरान आपको इस बात का ख्याल रखना चाहिए कि इसका कंप्रेसर ज्यादा हीट (ओवरहीट) ना कर जाए और इसमें आग ना लगे। अक्सर घरों में एसी से आग लगने के पीछे यही कारण होता है कि इसके कंप्रेसर ओवरहीट के कारण आग पकड़ लेते हैं और ये एसी से चालू होकर धीरे-धीरे घर में फैल सकती है। इसके पीछे कारण है कि लगातार चलने के दौरान एसी का कंप्रेसर बहुत गर्म हो जाता है और इसमें तापमान बढ़ने के कारण आग लग जाती है। इसे बिना बंद किए अगर लंबे समय तक चलाते रहें तो ये अत्याधिक तापमान के कारण आग पकड़ सकता है या ब्लास्ट भी कर सकता है।
आउटडोर यूनिट पर अत्याधिक दबाव
एक्सपर्ट्स के मुताबिक अगर बाहर का टेंप्रेचर 45-58 डिग्री तक पहुंचता है तो एसी की आउटडोर यूनिट पर बहुत ज्यादा दबाव पड़ता है। अगर ऐसे तापमान में लगातार कई घंटों तक एसी चलाते रहें तो बाहर से होने वाले हीट एक्सचेंज प्रोसेस में बाधा पहुंच सकती है और कंप्रेसर ओवरहीट होकर फट सकता है जिसके कारण आग लग सकती है। इसके अलावा अगर आउटडोर यूनिट को ऐसी जगह रख दिया जाए जहां हवा का वेंटिलेशन सही ना हो तो भी गर्मी बाहर नहीं निकल पाती और एसी में आग लग सकती है।
बिजली की घटिया वायरिंग या शॉर्ट सर्किंट से लगने वाली आग
अगर बिजली के तार बहुत पुराने हों, वायरिंग ढीली हो या कनेक्शन ढीले हों तो एसी के तारों में स्पार्किंग हो सकती है और शॉर्ट सर्किट हो सकता है। शॉर्ट सर्किट की वजह से घरों में चलने वाले 1.5 टन या 1 टन के एसी के तार पिघल जाते हैं और एसी पाइपलाइन में गैस गर्म हो जाती है। इसके बाद कंप्रेसर के अंदर मौजूद लिक्विड रेफ्रिजरेंट गैस के फैलने से ब्लास्ट हो सकता है।
गैस की लीकेज भी हो सकती है वजह
अगर लोकल मैकेनिक ने घटिया गैस भरी हो या कंडेसर यूनिट में खराबी हो तो गैस लीकेज हो सकता है और कंप्रेसर में ब्लास्ट होने की संभावना रहती है।
एसी के मेंटेनेंस का ध्यान ना रखना
अगर एसी की हर सीजन में मेंटेनेंस ना की जाए तो इसके चलते फिल्टर गंदा हो सकता है और कंडेंसर कॉइल हवा के पास होने को रोकती है जिससे कंप्रेसर गर्म हो सकता है।
एसी में आग ना लगे इसके लिए क्या करें
- हर गर्मियों में प्रोफेशनल्स से एसी की सर्विसिंग कराकर ही यूज करें।
- एसी का तापमान बहुत कम ना रखें, इसे 24-26 डिग्री के बीच चलाना बेहतर है।
- लगातार 5-6 घंटे चलने के बाद उसे थोड़ी देर के लिए बंद कर दें जिससे कंप्रेसर बहुत गर्म ना हो।
- आउटडोर यूनिट के ऊपर थोड़ी शेड लगाएं जिससे वो हर समय धूप के संपर्क में ना रहे और ज्यादा गर्म ना हो।
- एसी फिल्टर की सफाई का ध्यान रखें जिसके तहत हर 2.5-3 हफ्ते में फिल्टर साफ करेंगे तो ये धूल के जमाव को रोक सकता है।
ये भी पढ़ें