Vivo X300 Ultra जल्द ही भारत समेत ग्लोबल मार्केट में लॉन्च होने के लिए तैयार है। इस फोन को कंपनी पहले ही घरेलू मार्केट में लॉन्च कर चुकी है। चीनी कंपनी के इस DSLR क्वालिटी वाले फोन की कीमत लॉन्च से पहले सामने आई है। जर्मनी की एक वेबसाइट ने फोन के टॉप 16GB RAM + 1TB वाले वेरिएंट की कीमत लिस्ट की है। इस फोन को कंपनी 24 अप्रैल या मई के शुरुआती वीक में लॉन्च कर सकती है। हालांकि, कंपनी की तरफ से लॉन्च डेट कंफर्म नहीं की गई है।
लॉन्च से पहले कीमत हुई लीक
जर्मनी की वेबसाइट के मुताबिक, इस फ्लैगशिप फोन का टॉप वेरिएंट EUR 2,000 (लगभग 2.19 लाख रुपये) में आएगा। ऐसे में वीवो का यह फोन कीमत के मामले में Samsung Galaxy S26 Ultra और iPhone 17 Pro Max को भी पीछे छोड़ देगा। इस फोन को ग्रीन और ब्लैक कलर ऑप्शन में पेश किया जाएगा। वहीं, इसका एक सिल्वर कलर वेरिएंट भी ऑनलाइन देखा जा चुका है।
Vivo X300 Ultra को हाल ही में क्रिकेटर श्रेयस अय्यर इस्तेमाल करते हुए दिखे हैं। फोन में फोटोग्राफी किट मिलेगा, जो इसे एक DSLR कैमरा वाला लुक देगा। इस फोन के फीचर्स भी सामने आ चुके हैं। चीन में लॉन्च हुए इस फोन के ग्लोबल वेरिएंट के भी फीचर्स लगभग एक जैसे हो सकते हैं। इनमें थोड़ा-बहुत मामूली बदलाव देखने को मिल सकता है।
फोटोग्राफी किट के साथ इस फोन की कीमत EUR 2667 (करीब 2.93 लाख रुपये) तक पहुंच जाएगी। इसमें 400mm का टेलीफोटो एक्सटेंडर, केस और ग्रिप मिलेगा, जिसे यूजर फोन के साथ अटैच कर सकते हैं। हालांकि, फोन के फोटोग्राफी बंडल को कंपनी शुरुआत में डिस्काउंट के साथ बेचेगी। इसके अलावा फोन का एक एडवांस बंडल भी होगा, जिसमें वीडियो केज, टेलीफोटो लेंस के साथ फोटोग्राफी केस और ग्रिप भी मिलेगा। इसकी कीमत EUR 3166 (लगभग 3.47 लाख रुपये) होगी।
Vivo X300 Ultra को यूरोप में प्री-ऑर्डर के लिए उपलब्ध करा दिया गया है। इसमें यूजर्स EUR 1,309 (लगभग 1.43 लाख रुपये) तक की बचत कर सकते हैं। कंपनी फोन के साथ एक साल के लिए स्क्रीन प्रोटेक्शन, तीन साल की वारंटी और पांच साल तक बैटरी पर वारंटी ऑफर कर रही है। इसके अलावा फोटोग्राफी किट और एक्सेसरीज पर 50% तक की छूट मिल सकती है।
Vivo X300 Ultra के फीचर्स (संभावित)
वीवो का यह फोन 6.82 इंच के 2K AMOLED डिस्प्ले के साथ आ सकता है। इसका डिस्प्ले 144Hz हाई रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करेगा। यह Qualcomm Snaodragon 8 Elite Gen 5 के साथ आ सकता है। फोन में 16GB LPDDR5X रैम और 1TB तक की स्टोरेज मिल सकती है। यह स्मार्टफोन Android 16 पर बेस्ड Origin OS 6 के साथ लॉन्च किया जा सकता है।
DSLR क्वालिटी के कैमरे वाले इस फोन के बैक में तीन कैमरे दिए जाएंगे, जिनमें 200MP का मेन OIS कैमरा शामिल है। वहीं, इस फोन में 200MP का पेरीस्कोप और 50MP का अल्ट्रा वाइड कैमरा मिलेगा। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए भी फोन में 50MP का कैमरा मिलेगा। इसका कैमरा 3.5x ऑप्टिकल और 150x डिजिटल जूम को सपोर्ट कर सकता है।
यह फोन 6,600mAh की दमदार बैटरी के साथ आएगा। इस फोन में 100W फास्ट चार्जिंग फीचर मिल सकता है। यह 40W वायरलेस चार्जिंग फीचर के साथ भी आ सकता है। कनेक्टिविटी के लिए इस फोन में 5G, WiFi 7, Bluetooth 5.4, NFC जैसे फीचर्स दिए जाएंगे।
यह भी पढ़ें - Jio का सस्ता रिचार्ज प्लान, 149 रुपये में 30 दिन की वैलिडिटी, साथ में JioHotstar भी