Xiaomi ने भारत में अपनी नई Mini LED TV सीरीज लॉन्च की है। यह मिनी LED TV सीरीज 43 इंच से लेकर 75 इंच तक की स्क्रीन में आती है। शाओमी की इस नई मिनी LED TV सीरीज को Amazon Fire TV प्लेटफॉर्म के साथ उतारा गया है। इसके अलावा टीवी के डिस्प्ले में डॉल्वी विजन, HDR+, 120Hz गेमिंग मोड जैसे फीचर्स दिए गए हैं, जो इसके डिस्प्ले की पिक्चर क्वालिटी को शानदार बनाते हैं।
Xiaomi TV FX Mini LED सीरीज की कीमत
शाओमी की यह नई मिनी LED TV सीरीज को भारत में 32,999 रुपये की शुरुआती कीमत में लॉन्च किया गया है। इसके 55 इंच, 65 इंच और 75 इंच वाले मॉडल की कीमत क्रमशः 44,999 रुपये, 64,999 रुपये और 84,999 रुपये है। कंपनी इस स्मार्ट टीवी की खरीद पर दमदार ऑफर दे रही है। इसके 43 इंच वाले शुरुआती मॉडल को 29,999 रुपये में खरीदा जा सकता है। वहीं, अन्य मॉडल की कीमत क्रमशः 39,999 रुपये, 59,999 रुपये और 79,999 रुपये है।
शाओमी की यह स्मार्ट टीवी सीरीज 11 जून से भारत में सेल के लिए उपलब्ध होगा। इसे ई-कॉमर्स वेबसाइट Amazon, Flipkart समेत कंपनी के आधिकारिक वेबसाइट Mi.com से खरीदा जा सकता है।
Xiaomi TV FX Mini LED सीरीज के फीचर्स
इस सीरीज के सभी मॉडल 4K रेजलूशन वाले डिस्प्ले के साथ आते हैं। इसके डिस्प्ले का रेजलूशन 3840 x 2160 पिक्सल है। इस स्मार्ट टीवी के डिस्प्ले में लोकल डिमिंग मिनी LED बैकलाइटिंग दी गई है। इसकी वजह से कॉन्ट्रास्ट बेहतर होता है और ब्राइटनेस भी बढ़ जाती है। इस स्मार्ट टीवी की स्क्रीन में HDR10 और HDR10+ का सपोर्ट मिलता है। यही नहीं, कंपनी ने इसमें फिल्ममेकर मोड भी दिया है।
शाओमी की इस स्मार्ट टीवी सीरीज के 43 इंच वाल मॉडल में 60Hz रिफ्रेश रेट वाला डिस्प्ले मिलेगा। वहीं, 55, 65 और 75 इंच वाले मॉडल में 120Hz रिफ्रेश रेट वाला डिस्प्ले दिया गया है। यह स्मार्ट टीवी सीरीज MEMC टेक्नोलॉजी, ऑटो लो लैटेंसी मोड, आईकेयर मोड जैसे फीचर्स से लैस है। इसमें Cortex A55 क्वाडकोर चिपसेट दिया गया है। साथ ही, इसमें इन-बिल्ड Alexa का सपोर्ट भी दिया गया है।
Xiaomi की यह MiniLED स्मार्ट टीवी सीरीज में 2GB रैम और 32GB स्टोरेज दिया गया है। Amazon Fire TV पर काम करने वाली इस स्मार्ट टीवी सीरीज में 12,000 से ज्यादा OTT ऐप्स का सपोर्ट मिलता है। कनेक्टिविटी के लिए इसमें WiFi, ब्लूटूथ, HDMI, USB जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें - Vivo X500 Pro Max में मिलेगा 50MP + 50MP + 200MP का कैमरा, जानें कब होगा लॉन्च