1. Hindi News
  2. तेलंगाना
  3. तेलंगाना में ठंड बढ़ी, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट, हैदराबाद की हवा भी हुई जहरीली

तेलंगाना में ठंड बढ़ी, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट, हैदराबाद की हवा भी हुई जहरीली

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Nov 25, 2024 09:05 pm IST,  Updated : Nov 25, 2024 09:05 pm IST

मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कुछ जिलों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। उत्तर-पूर्व से आने वाली हवाएं तेलंगाना में ठंड बढ़ा रही हैं और आने वाले दिनों में भी तापमान कम रहने की संभावना है।

Representative Image- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : PTI

तेलंगाना के कई जिलों में अचानक ठंड बढ़ने से लोगों को परेशानी हो रही है। कई जगहों पर तामपान 10 डिग्री से नीचे जा चुका है। देश के उत्तरी राज्यो में यह सामान्य बात है, लेकिन तेलंगाना में आमतौर पर इतनी ठंड नहीं होती है। उत्तर-मध्य तेलंगाना के कई जिले और राज्य के अन्य इलाके ठंड से कांप रहे हैं। पूरे राज्य में तापमान में गिरावट जारी है। पूरे तेलंगाना में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। सिरपुर के कोमारमभीम आसिफाबाद में रविवार रात तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि संगारेड्डी के कोहिर में पारा 9.9 डिग्री सेल्सियस रहा।

आदिलाबाद जिले के बाजारहतनूर, भीमपुर, बोथ, बेला, आदिलाबाद ग्रामीण, नेराडीगोंडा और मावला मंडल में भी कम तापमान दर्ज किया गया। महबूबनगर और रामागुंडम में पारा सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस नीचे, हनुमानकोंडा में 3.5 डिग्री सेल्सियस और हैदराबाद में 2.2 डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि पूर्व और उत्तर-पूर्व से तेलंगाना की ओर बहने वाली हवाएं ठंड का कारण हैं।

मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

ठंड को देखते हुए मौसम विभाग ने तेलंगाना के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और कुछ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। सुबह के समय धुंध या कोहरा छाए रहने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 29 और 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। आईएमडी हैदराबाद ने कहा कि उत्तर-पूर्वी ठंडी हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति 2-6 किमी प्रति घंटा होगी। मौसम विभाग ने रविवार को कहा कि अगले तीन दिनों तक राज्य में कड़ाके की ठंड रहेगी। आसिफाबाद, आदिलाबाद और निर्मल जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, कुछ मंडलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहने की संभावना है। 

विभाग ने कहा कि कम से कम 30 जिलों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे रहने की संभावना है और यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के विशेषज्ञों का सुझाव है कि ठंड के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए अधिकारियों को सतर्क रहना चाहिए। 

हैदराबाद की हवा खराब श्रेणी में 

हैदराबाद के बंजारा हिल्स इलाके में रविवार को खराब वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 133 दर्ज किया गया, जबकि विट्ठलराव नगर और जू पार्क में क्रमशः 157 और 129 AQI दर्ज किया गया। गूगल AQI डेटा के अनुसार, 20 नवंबर को AQI 171 तक पहुंच गया, जो बहुत ही हानिकारक था। हैदराबाद के लिए यह साल का सबसे खराब AQI भी था। रविवार को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के बुलेटिन में कहा गया कि शहर में मध्यम स्तर का एक्यूआई 123 दर्ज किया गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। तेलंगाना से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।