1. Hindi News
  2. तेलंगाना
  3. असदुद्दीन ओवैसी के लोकसभा क्षेत्र हैदराबाद में 2,000 करोड़ रुपये खर्च करेगी तेलंगाना की कांग्रेस सरकार

असदुद्दीन ओवैसी के लोकसभा क्षेत्र हैदराबाद में 2,000 करोड़ रुपये खर्च करेगी तेलंगाना की कांग्रेस सरकार

 Published : May 16, 2025 11:29 pm IST,  Updated : May 16, 2025 11:37 pm IST

असदुद्दीन ओवैसी के लोकसभा क्षेत्र हैदराबाद में सरकार दो हजार करोड़ रुपये विकास कार्यों के लिए खर्च करेगी। इसकी जानकारी तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने दी।

सीएम रेवंत रेड्डी से हाथ मिलाते हुए असदुद्दीन ओवैसी- India TV Hindi
सीएम रेवंत रेड्डी से हाथ मिलाते हुए असदुद्दीन ओवैसी Image Source : X@REVANTH_ANUMULA

हैदराबादः तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने शुक्रवार को घोषणा की कि उनकी सरकार हैदराबाद लोकसभा क्षेत्र में मेट्रो रेल सहित विभिन्न परियोजनाओं पर 2,000 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना बना रही है। बता दें कि हैदराबाद के सांसद एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी हैं।

हज यात्रियों को ले जाने वाली बसों को दिखाई हरी झंडी

हज यात्रियों को ले जाने वाली बसों को हरी झंडी दिखाने से पहले एक सभा को संबोधित करते हुए रेवंत रेड्डी ने कहा कि सरकार शहर के पास ममीडिपल्ली में हज यात्रियों के लिए नए आवास का निर्माण करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस साल सरकार को हज के लिए 6,000 आवेदन मिले, जिनमें से सभी को मंजूरी दे दी गई है।

कार्यक्रम में साथ नजर आए ओवैसी और सीएम रेड्डी

उन्होंने मुस्लिम युवाओं से राजीव युवा विकासम के तहत सरकारी वित्तीय सहायता के लिए आवेदन करने की अपील की, जो राज्य सरकार का एक कार्यक्रम है जिसका उद्देश्य स्वरोजगार को बढ़ावा देना है। इससे पहले राज्य सरकार ने बेरोजगार युवाओं को उद्यमी बनने में मदद करने के लिए 6,000 करोड़ रुपये के बजट के साथ योजना शुरू करने की घोषणा की। इस कार्यक्रम में सांसद असदुद्दीन ओवैसी और अनिल कुमार यादव के साथ-साथ कई विधायक और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
 
बिजली नेटवर्क का आधुनिकीकरण करने का निर्देश

उधर, मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने शुक्रवार को अधिकारियों को बिजली नेटवर्क का आधुनिकीकरण करने का निर्देश दिया, क्योंकि अधिकारियों ने उन्हें बताया कि तेलंगाना की ऊर्जा आवश्यकता वर्तमान 18,000 मेगावाट के मुकाबले 2035 तक लगभग 32,000 मेगावाट तक पहुंचने का अनुमान है। रेड्डी ने ऊर्जा पर समीक्षा बैठक की और अधिकारियों से यहां आउटर रिंग रोड पर 160 किलोमीटर के हिस्से पर सौर ऊर्जा उत्पादन की योजना तैयार करने और ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम की सीमा के भीतर फुटपाथों और नालों पर इसके लिए व्यवहार्यता की जांच करने को कहा।

 रेड्डी ने अधिकारियों से क्षेत्रीय रिंग रोड के भीतर बनने वाली रेडियल सड़कों और सैटेलाइट टाउनशिप की ऊर्जा आवश्यकताओं पर एचएमडीए (हैदराबाद मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी) के साथ समन्वय करने के अलावा, क्षेत्र स्तर पर बिजली की मांग के अनुसार सबस्टेशनों को अपग्रेड करने के लिए कहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। तेलंगाना से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।