1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मुजफ्फरनगर में भीषण सड़क हादसा, दो बाइक बस से टकराईं, 5 लोगों की मौत

मुजफ्फरनगर में भीषण सड़क हादसा, दो बाइक बस से टकराईं, 5 लोगों की मौत

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Sep 09, 2026 08:52 pm IST,  Updated : Sep 09, 2026 08:56 pm IST

मुजफ्फरनगर में उस समय एक बड़ा सड़क हादसा हो गया जब बुढाना कोतवाली क्षेत्र के भैसाना गांव के पास दो बाइक सवार एक बच्ची सहित पांच लोगों को एक अनियंत्रित रोडवेज बस ने भीषण टक्कर मार दी।

UP- India TV Hindi
मुजफ्फरनगर में भीषण सड़क हादसा Image Source : REPORTER INPUT

मुजफ्फरनगर में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पांच परिवारों की खुशियां छीन लीं। बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र में दो मोटरसाइकिलों की रोडवेज बस से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एक छोटी बच्ची समेत तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो घायलों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।

हादसे में 5 लोगों की मौत

घटना बुढ़ाना क्षेत्र के भैंसाना गांव के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, दो बाइक पर सवार पांच लोग मुजफ्फरनगर से बुढ़ाना की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही बड़ौत डिपो की रोडवेज बस से उनकी टक्कर हो गई। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में ओवरटेक के दौरान हादसा होने की बात सामने आई है।

टक्कर इतनी तेज थी कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान मोमिन, फरमान और करीब ढाई-तीन साल की बच्ची भल्लो के रूप में हुई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल इदरीश और साजिद को पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान दोनों ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मरने वालों की संख्या पांच हो गई।

पुलिस ने बस को कब्जे में लिया

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए, जबकि घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। दुर्घटना में शामिल रोडवेज बस को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

मुजफ्फरनगर के SSP संजय कुमार वर्मा ने बताया कि हादसा करीब शाम चार बजे हुआ। उनके मुताबिक बड़ौत डिपो की बस बुढ़ाना की तरफ से शहर की ओर जा रही थी, जबकि दो मोटरसाइकिल सवार दूसरी दिशा से आ रहे थे। शुरुआती जांच में ओवरटेक के दौरान टक्कर होने की बात सामने आई है। पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है। SSP ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मौके का निरीक्षण अधिकारियों की टीम कर चुकी है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

(रिपोर्ट: योगेश त्यागी)

यह भी पढ़ें:

'इतनी फोर्स मंगाऊंगा कि ठंडा कर दूंगा, गोरखपुर पुलिस है ये', विश्वविद्यालय में चौकी प्रभारी का वीडियो वायरल

कलयुगी बेटे ने किया 63 साल की अपनी मां का रेप, नशे में धुत होकर वारदात को दिया अंजाम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।