1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अब ताजमहल का दीदार नहीं कर पाएंगे अफगान के विदेश मंत्री, रद्द हुआ आगरा का दौरा, जानिए क्या बोला स्थानीय प्रशासन?

अब ताजमहल का दीदार नहीं कर पाएंगे अफगान के विदेश मंत्री, रद्द हुआ आगरा का दौरा, जानिए क्या बोला स्थानीय प्रशासन?

 Published : Oct 12, 2025 01:10 pm IST,  Updated : Oct 12, 2025 01:18 pm IST

अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर मुत्तकी 6 दिन के दौरे पर भारत आए हुए हैं। शनिवार को उन्होंने देवबंद का दौरा किया था। आज आगरा के ताजमहल का दीदार करना था। अब उनका ये दौरा रद्द कर दिया गया है।

अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर मुत्तकी और ताजमहल- India TV Hindi
अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर मुत्तकी और ताजमहल Image Source : ANI AND PTI

अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर मुत्तकी का रविवार को होने वाला आगरा दौरा रद्द हो गया है। सूत्रों ने यह जानकारी दी। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि अफगानिस्तान के विदेश मंत्री रविवार को ताजमहल का दीदार करने के लिए आने वाले थे लेकिन किन्हीं कारणों से उनकी ये यात्रा रद्द हो गई है। 

रविवार को करना था ताजमहल का दीदार

उन्होंने बताया कि तय कार्यक्रम के मुताबिक मुत्तकी को रविवार को अपराह्न 11 बजे ताजमहल पहुंचना था। एक घंटे ताजमहल का दीदार करने के बाद उन्हें आगरा में ही दोपहर का भोजन करने के बाद वापस दिल्ली रवाना होना था। 

जिला प्रशासन ने आगरा दौरा रद्द होने की पुष्टि की 

अफगान के विदेश मंत्री मुत्तकी का आगरा में ताजमहल का दौरा क्यों रद्द हुआ, इसकी वजह पता नहीं चला पाई है। जिला प्रशासन के प्रोटोकॉल विभाग ने मुत्तकी के आगरा कार्यक्रम के रद्द होने की पुष्टि की है। 

छह दिन के दौरे के लिए भारत आए हैं मुत्तकी

अफगानिस्तान के विदेश मंत्री मुत्तकी शनिवार को सहारनपुर के देवबंद स्थित मदरसा दारुल उलूम पहुंचे थे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया था। मुत्तकी गुरुवार को छह दिवसीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति अशरफ गनी के सत्ता से हटने और तालिबान के सत्ता अपने हाथ में लेने के चार साल बाद तालिबान सरकार के किसी नेता की भारत की यह पहली उच्च-स्तरीय यात्रा है। भारत ने अब तक तालिबान को मान्यता नहीं दी है। 

सड़क मार्ग से देवबंद पहुंचे अफगान विदेश मंत्री

मुत्तकी अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ दिल्ली से सड़क मार्ग से देवबंद पहुंचे, जो दक्षिण एशिया के सबसे प्रभावशाली इस्लामी मदरसों में से एक है। दारुल उलूम देवबंद के मोहतमिम (कुलपति) अबुल कासिम नोमानी, जमीयत उलमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी और दारुल उलूम के पदाधिकारियों ने दारुल उलूम देवबंद में अफगान विदेश मंत्री का स्वागत किया। 

पाकिस्तान से दोनों के तनावपूर्ण संबंध

मुत्तकी के आगमन से पहले खुफिया एजेंसियों, सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस ने देवबंद में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गये थे। अफगान विदेश मंत्री की भारत यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब भारत और अफगानिस्तान दोनों के पाकिस्तान के साथ सीमा पार आतंकवाद सहित कई मुद्दों को लेकर तनावपूर्ण संबंध हैं। (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।