1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपीः आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कई जगहों पर गड्ढे, अखिलेश यादव ने वीडियो पोस्ट कर सरकार पर कसा तंज

यूपीः आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कई जगहों पर गड्ढे, अखिलेश यादव ने वीडियो पोस्ट कर सरकार पर कसा तंज

 Published : Aug 14, 2025 12:00 pm IST,  Updated : Aug 14, 2025 12:21 pm IST

अखिलेश यादव ने सरकार पर आरोप लगाया है कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कई जगहों पर गड्ढ़े हो गए हैं लेकिन हर दिन दो करोड़ रुपया टोल वसूलने के बाद भी इसे ठीक नहीं कराया जा रहा है।

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पर गड्ढ़ा - India TV Hindi
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पर गड्ढ़ा Image Source : X@YADAVAKHILESH

लखनऊः यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से दो वीडियो पोस्ट कर दावा किया कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कई जगहों पर गड्ढे हो गए हैं। अखिलेश यादव एक्स पर वीडियो शेयर कर कहा कि बीजेपी राज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पूरी तरह से उपेक्षित है। एक्सप्रेसवे सबसे कम समय में सबसे अच्छे एक्सप्रेसवे के रूप में बनने पर पूरे देश के लिए डिज़ाइन, टेक्नोलॉजी और क्वॉलिटी के लिए उदाहरण बना, उसकी केवल देखभाल तक ये भाजपाई कर नहीं पा रहे हैं।

हर दिन वसूला जा रहा दो करोड़ रुपये का टोलः अखिलेश

अखिलेश यादव ने कहा कि हर दिन जो 2 करोड़ रुपये का टोल वसूला जा रहा है वो किस गड्ढे को भर रहा है? यदि तुरंत सुनवाई नहीं हुई और रिपेयरिंग का काम शुरू नहीं हुआ तो हर गड्ढे में एक सामाजिक कार्यकर्ता को खड़ा करके, सोती हुई भाजपा सरकार का ध्यानाकर्षण किया जाएगा।

हाइवे पर दिख रहे गड्ढे

सपा प्रमुख अखिलेश यादव की तरफ से शेयर किए गए वीडियो में दिख रहा है कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कई जगहों पर छोटे और बड़े गड्ढे हैं। कुछ गड्ढों में पानी भी भरा हुआ है। इसके अलावा हाइवे पर कुछ स्थानों पर सड़कें टूटी भी हैं और गिट्टियां उखड़ गई हैं। इससे हाइवे पर चलने वाले वाहनों का एक्सीडेंट भी हो सकता है। 

300 किमी से ज्यादा लंबा है हाइवे

बता दें कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे 302 किलोमीटर लंबा और 6-लेन वाला एक्सप्रेसवे है, जो आगरा और लखनऊ को जोड़ता है। इसका उद्देश्य दोनों शहरों के बीच यातायात की भीड़भाड़ और यात्रा के समय को कम करना है और यह इस क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजना के रूप में भी कार्य करता है। जानकारी के अनुसार, यह 10 जिलों, 236 गांवों और 3,500 हेक्टेयर भूमि में फैला है। 

एंट्री और एग्जिट प्वाइंट मदरा गांव (आगरा के पास) और सरोसा भरोसा गांव (मोहन रोड, लखनऊ के पास) में हैं। एक्सप्रेसवे पर शौचालय ब्लॉक, पेट्रोल पंप, सर्विस स्टेशन, रेस्टोरेंट और शॉपिंग आर्केड वाले स्थान भी शामिल हैं।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।