1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. शादी के बाद पिता ने रखीं ऐसी तीन अनोखी शर्तें, सुनते ही दुल्हन को छोड़कर भाग गया दूल्हा

शादी के बाद पिता ने रखीं ऐसी तीन अनोखी शर्तें, सुनते ही दुल्हन को छोड़कर भाग गया दूल्हा

 Edited By: Kajal Kumari
 Published : Jun 10, 2023 02:20 pm IST,  Updated : Jun 10, 2023 02:20 pm IST

झांसी जिले में एक शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। शादी के बाद दुल्हन के पिता ने दूल्हे के सामने तीन अनोखी शर्तें रखीं, जिसे सुनकर उसके होश उड़ गए। शर्त सुनकर दूल्हा दुल्हन को छोड़कर बारात लेकर चल गया।

groom run away to left bride- India TV Hindi
दुल्हन को छोड़कर चला गया दूल्हा

झांसी: शादी के बाद अपनी बहू को विदा कर घर लाने का सपना हर किसी लड़के के माता पिता का होता है।  झांसी में एक विवाह के दौरान एक अलग ही वाकया सामने आया है। शादी के बाद दुल्हन के कथित पिता ने दूल्हे के सामने तीन ऐसी शर्तें रखी जिनको सुनकर दूल्हा और उसके परिवार वालों के पैरों तले जमीन खिसक गयी और उन्होंने शर्तों को मानने से इनकार कर दिया। इसके बाद बवाल मचा और शर्त की बात को लेकर दुल्हन अपने मुंह बोले पिता के साथ मैरिज हॉल से ससुराल ना जाकर अपने घर मायके वापिस चली गयी और दूल्हा भी बारात लेकर अपने घर चला गया।

जानिए क्या थीं ये अनोखी तीन शर्तें

मामला झांसी के थाना बरूआसागर कस्बे की है, जहां के निवासी महेंद्र सेन के बेटे मानवेंद्र सेन का रिश्ता गुरसराय के ग्राम इटोरा निवासी युवती से तय हुआ था। 6 जून को बरुआसागर स्थित एक निजी मैरिज हॉल में शादी थी। वहीं पर वधू-पक्ष ने आकर विवाह की सारी तैयारी की थी। बारात का स्वागत किया गया फिर जयमाला समेत अन्य सभी रस्में अदा की गयीं। शादी ठीकठाक संपन्न हुई। दोनों पक्ष के लोग खुश थे लेकिन जब सुबह विदाई का वक्त आया तो दुल्हन के पिता ने दूल्हे के सामने तीन शर्ते रखीं।

पहली शर्त- शादी के बाद दूल्हा-दुल्हन शारीरिक संबंध नहीं बनाएंगे।

 दूसरी शर्त -लड़की की छोटी बहन भी ससुराल साथ जाएगी और वहीं रहेगी।

तीसरी शर्त - वह यानी मुंह बोला पिता लड़की की ससुराल कभी भी आएगा तो उसे कोई नहीं रोकेगा।

अनोखी शर्त सुन दूल्हे के उड़े होश

दूल्हा तो पहली शर्त सुनते ही आश्चर्य में पड़ गया। फिर उसने ससुर से कहा कि उन्होंने यह कैसी अजीब शर्त रखी है, लेकिन कथित पिता कुछ भी सुनने व शर्तों में संशोधन करने को तैयार नहीं हुआ। बात दूल्हे के बाद उसके पिता और बारातियों तक जा पहुंची और उसे लेकर काफी देर तक बहस हुई लेकिन बात नहीं बनी। दुल्हन भी अपने पिता की बात पर ही सहमत दिखी। आखिर में लड़के वाले भी अड़ गए और उक्त शर्तों को मानने से साफ इनकार कर दिया।

बिना दुल्हन के लौटा दूल्हा

इसके बाद  बारात बिना दुल्हन को लिए वापस लौट आई। अब वर पक्ष का आरोप है कि उनके द्वारा लगभग तीन लाख कीमत के आभूषण चढ़ावे में बहू को दिए गए थे। वह आभूषण पहनकर दुल्हन अपने  कथित पिता के साथ चली गई है। लड़के वालों ने इस पूरे मामले की शिकायत थाना बरुआसागर पुलिस से की है। थाना प्रभारी अजमेर सिंह भदौरिया ने बताया की शिकायत आई हुई है पूरे मामले की जांच की जा रही है उसके बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी>

 

(झांसी से आकाश राठौड़ की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।