नोएडा: नोएडा में हुए बवाल को लेकर नोएडा पुलिस कर्मियों की सभी छुट्टियां तत्काल रद्द कर दी गई हैं। जो पुलिसकर्मी छुट्टी पर गए हुए हैं, उन्हें तत्काल ड्यूटी ज्वाइन करने की आदेश दिए गए हैं।
Related Stories
नोएडा में आज हुई हिंसा और तोड़फोड़ के बाद कई फैक्ट्री मालिकों ने अपनी फैक्ट्री को अनिश्चित काल के लिए बंद कर दिया है। उनका कहना है कि उनकी फैक्ट्री में तोड़फोड़ की गई है। स्टाफ को अराजक तत्वों ने बहुत पीटा, जिससे उन्हें काफी चोट आई हैं। आगे भी डर है और इसी डर की वजह से वह अपनी फैक्ट्री फिलहाल बंद कर रहे हैं।
नोएडा में क्या हुआ है?
नोएडा में सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर कंपनी के कर्मचारियों का हिंसक प्रदर्शन हुआ, जिसमें कई गाड़ियों में तोड़फोड़ के बाद आगजनी भी की गई। फेज 2 में कंपनी के कर्मचारियों ने सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था, जो धीरे-धीरे हिंसा में तब्दील हो गया। मदरसन कंपनी के पास पुलिस की गाड़ी के साथ पहले तोड़फोड़ की गई, फिर पुलिस की गाड़ी को भी पलट दिया गया।
कर्मचारियों के हिंसक प्रदर्शन की वजह से नोएडा में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस फोर्स भी तैनात की गई है।
सीएम योगी के निर्देश पर उच्च स्तरीय समिति गठित
सीएम योगी के निर्देश पर गौतम बुद्ध नगर में पैदा हुई औद्योगिक असामंजस्य की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए औद्योगिक सौहार्द एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने और श्रमिकों के साथ प्रभावी संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है।
बैठक में समिति के सदस्य अपर मुख्य सचिव सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग उत्तर प्रदेश, प्रमुख सचिव श्रम एवं सेवायोजन विभाग, सदस्य सचिव श्रम आयुक्त उत्तर प्रदेश कानपुर सहित मंडलायुक्त मेरठ मंडल मेरठ, जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर व प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी गण मौजूद रहे।
बैठक में समिति द्वारा जनपद की विभिन्न कंपनियों में कार्यरत श्रमिकों की समस्याओं को विस्तार से सुना जा रहा है। श्रमिकों ने वेतन वृद्धि, साप्ताहिक अवकाश, ओवरटाइम का दोगुना भुगतान, श्रमिक हितों की सुरक्षा तथा सम्मानजनक कार्य वातावरण जैसी प्रमुख मांगें समिति के समक्ष रखी हैं