1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अवधेश प्रसाद बोले- सीएम योगी कितनी भी बार अयोध्या के मिल्कीपुर जाएं लेकिन जीत सपा की होगी

अवधेश प्रसाद बोले- सीएम योगी कितनी भी बार अयोध्या के मिल्कीपुर जाएं लेकिन जीत सपा की होगी

 Reported By: Ruchi Kumar Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : Jan 05, 2025 02:40 pm IST,  Updated : Jan 05, 2025 02:42 pm IST

यूपी के अयोध्या से सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने मिल्कीपुर उपचुनाव को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सीएम योगी के दौरे से कोई फर्क नहीं पड़ेगा और सपा यहां से जीतेगी।

Awadhesh Prasad- India TV Hindi
अवधेश प्रसाद Image Source : PTI

अयोध्या: यूपी के अयोध्या से सपा सांसद अवधेश प्रसाद का बयान सामने आया है। उन्होंने सीएम योगी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सीएम योगी चाहें कितनी भी बार अयोध्या के मिल्कीपुर जाएं, लेकिन मिल्कीपुर उपचुनाव में जीत सपा को ही मिलेगी। जीरो प्लस, जीरो प्लस, जीरो गणित के हिसाब से जीरो होता है। जनता सब समझती है।

फैजाबाद के पूर्व सांसद लल्लू सिंह का भी सामने आया बयान

फैजाबाद के पूर्व सांसद लल्लू सिंह का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग राम के साथ, कुछ रावण के साथ हैं। ज़्यादातर जनता भगवान राम के साथ है। चुनाव में गणित काम नहीं आती। ज़मीनी हकीकत काम आती है। बीजेपी मिल्कीपुर उपचुनाव जीतेगी।

पांचवीं बार मिल्कीपुर पहुंचे थे सीएम योगी 

बता दें कि सीएम योगी शनिवार को पांचवीं बार मिल्कीपुर पहुंचे थे। वह यहां का सियासी रुख समझने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं की नब्ज भी टटोली और उन्हें प्रोत्साहित भी किया। लोकसभा चुनाव के नतीजे के बाद सीएम योगी का मिल्कीपुर का यह पांचवा दौरा था। 

इस दौरान सीएम योगी ने आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में कार्यकर्ताओं और ग्राम प्रधानों से बातचीत भी की थी। सीएम योगी के निर्देश हैं कि बीजेपी कार्यकर्ता सभी मतदाताओं के संपर्क में रहें और उन्हें सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों के बारे में बताएं।

माना जा रहा है कि दिल्ली विधानसभा के चुनाव के साथ मिल्कीपुर के भी उपचुनाव हो सकते हैं।

इससे पहले पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव सूरज चौधरी के सपा छोड़ने से सपा सांसद अवधेश प्रसाद खूब नाराज हुए थे और चर्चा में आए थे। जब मीडिया ने उनसे इस मुद्दे पर सवाल किया था तो सांसद अवधेश प्रसाद मीडिया पर ही भड़क उठे थे। सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा था, 'छोड़िए यह सब मत पूछिए, जिसका कोई स्टेटस नहीं उसके बारे में सवाल मत पूछिए, देश स्तर का सवाल पूछिए।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।