श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के परिसर के मंदिरों से चढ़ावा चोरी मामले पर पुलिस की टीम आरोपियों से पूछताछ कर रही है। राम मंदिर से बहुमूल्य वस्तुओं के चोरी के प्रकरण में गिरफ्तार 8 में से 3 आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर बुधवार को पूछताछ की गई। पुलिस तीनों आरोपियों को 14 कोसी परिक्रमा मार्ग पर ले गई। माना जा रहा है कि जहां पर पैसे का बंटवारा होता था। वहां पर तीनों आरोपियों को पुलिस ले कर गई।
40 घंटे की मिली पुलिस कस्टडी
विवेचना अधिकारी सीओ आशुतोष तिवारी राम मंदिर में हुई चढ़ावा चोरी के आरोपी करुणेश पाण्डेय, लवकुश मिश्रा और अनुकल्प की पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस ने तीनों आरोपितों को जेल से निकाल कर अपनी कस्टडी में लिया है। कोर्ट ने तीनों को 40 घंटे की पुलिस कस्टडी रिमांड स्वीकृत की है।
तीनों से आमने-सामने की पूछताछ
आरोपित अविनाश शुक्ल से कस्टडी के दौरान हुई पूछताछ में मिले तथ्यों की कड़ियां के बारे में तीनों से आमने-सामने पूछताछ और उनके बयानों का मिलान करवाया गया। पूछताछ में चोरी की रकम, उसके बंटवारे और घटना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों के बारे में भी पूछा गया।
देर रात तक हो सकती है कुछ बरामदगी
बुधवार दोपहर 3:45 पर आरोपियों को पुलिस लाइन से निकाल कर पुलिस की टीम दबिश देने निकली। माना जा रहा है कि इनकी निशानदेही पर कुछ बरामदगी रात तक हो सकती है।
सबसे पहले अविनाश शुक्ला को लिया गया रिमांड पर
मामले की जांच के लिये गठित विशेष टीम (SIT) द्वारा इस मामले में सबसे पहले मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ला को पुलिस रिमांड पर लिया गया था। अयोध्या के राम मंदिर से चढ़ावे की चोरी के मामले में एसआईटी की शुरुआती रिपोर्ट के आधार पर 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
चोरी की लगभग 70 संदिग्ध घटनाओं की पहचान
शुरुआती तफ्तीश के अनुसार, जांचकर्ताओं ने 40 दिनों की अवधि में चोरी की लगभग 70 संदिग्ध घटनाओं की पहचान की है और वे आरोपियों की भूमिका के साथ-साथ मंदिर में दान की रकम की गिनती की व्यवस्था में प्रक्रियागत और सुरक्षा सम्बन्धी खामियों की भी जांच कर रहे हैं।
अयोध्या से अखंड सिंह की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें: