उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के मनियर कस्बे में शनिवार शाम दो समुदायों के दो पक्षों के बीच हुए विवाद और मारपीट में एक शख्स की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना मनियर थाना क्षेत्र के उत्तर टोला वार्ड नंबर-14 में हुई। विवाद के दौरान 40 वर्षीय मोहर्रम हासमी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
गलतफहमी से शुरू हुआ विवाद
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। मनियर थाना प्रभारी कौशल पाठक ने बताया कि मृतक के भाई अरमान की तहरीर पर रजनीश, मनीष, लल्लन और मंजू देवी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या) के तहत शनिवार रात मामला दर्ज कर लिया।
उन्होंने बताया कि चारों को रविवार को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इससे पहले, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि मोहर्रम हासमी नशे की हालत में अपनी मां के प्रति अपशब्द कह रहा था, जिसे सुनकर पड़ोसी भ्रमित हो गए कि वह उनकी मां को अपशब्द कह रहा है।
इसी गलतफहमी से विवाद शुरू हुआ जो मारपीट में बदल गया। इसी दौरान मोहर्रम को सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। (इनपुट- भाषा)
ये भी पढ़ें-
Mann ki Baat: 'मन की बात' में PM मोदी ने छठ पूजा का किया जिक्र, त्योहारों में स्वदेशी खरीदने की अपील