1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. VIDEO: यूपी में 3 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज, ड्यूटी से किए गए सस्पेंड, जानिए क्या हैं तीनों पर आरोप

VIDEO: यूपी में 3 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज, ड्यूटी से किए गए सस्पेंड, जानिए क्या हैं तीनों पर आरोप

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : May 25, 2026 03:33 pm IST,  Updated : May 25, 2026 03:52 pm IST

तीनों पुलिसकर्मियों पर अलग-अलग आरोप लगे हैं। एक पीड़ित का वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में शख्स ने बताया कि पुलिस ने उसे किस तरह टॉर्चर किया है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : PTI

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवालों के बीच एसएसपी अनुराग आर्य ने बड़ा एक्शन लिया है। जिले के तीन पुलिसकर्मियों पर अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए साफ संदेश दिया गया है कि लापरवाही, भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एक दरोगा को थर्ड डिग्री और अवैध वसूली के आरोप में सस्पेंड किया गया है, जबकि दूसरे दरोगा को महिला संबंधी मामले में लापरवाही बरतने पर निलंबित किया गया। 

पीड़ित से वसूले गए 50 हजार रुपये

वहीं, सोशल मीडिया पॉलिसी का उल्लंघन करने वाले एक उप निरीक्षक को लाइन हाजिर कर दिया गया है। पहला मामला प्रेमनगर थाने से सामने आया है। यहां तैनात उप निरीक्षक शुभम चौधरी पर गंभीर आरोप लगे हैं। भमोरा निवासी राहुल शंखधार ने आरोप लगाया कि दरोगा ने उन्हें अवैध तरीके से हिरासत में रखा और थाने में थर्ड डिग्री दी। पीड़ित का कहना है कि उसके साथ बर्बरता की गई और 50 हजार रुपये भी वसूले गए। 

जबरन कागज पर कराए गए हस्ताक्षर

आरोप यह भी है कि पैसे लेने के बाद सादे कागज पर जबरन हस्ताक्षर कराए गए। मामला एसएसपी तक पहुंचा तो उन्होंने इसे बेहद गंभीर माना। शुरुआती जांच के बाद दरोगा शुभम चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। साथ ही पूरे मामले की जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।

महिला की शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया 

दूसरा मामला थाना हाफिजगंज क्षेत्र का है। यहां तैनात उप निरीक्षक चन्द्रपाल सिंह पर महिला की शिकायत को गंभीरता से न लेने का आरोप लगा। बताया गया कि महिला ने छेड़खानी, पीछा करने और मोबाइल तोड़ने की शिकायत पुलिस से की थी। लेकिन आरोप है कि दरोगा ने मामले में एफआईआर दर्ज करने के बजाय लापरवाही बरती। 

पीड़िता लगातार कार्रवाई की मांग करती रही, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। आखिरकार महिला को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत करनी पड़ी। मामला सामने आने के बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने इसे महिला सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला माना और उप निरीक्षक चन्द्रपाल सिंह को भी सस्पेंड कर दिया।

सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 के नियमों का उल्लंघन

तीसरी कार्रवाई फरीदपुर थाने में तैनात उप निरीक्षक शुभम सोम पर हुई है। विभागीय जांच में सामने आया कि दरोगा सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 के नियमों का उल्लंघन कर रहे थे। बताया गया कि वह इंस्टाग्राम पर सक्रिय थे, जो विभागीय नियमों के खिलाफ माना गया। इस अनुशासनहीनता पर एसएसपी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें पुलिस लाइन भेज दिया।

पुलिस विभाग में मचा हड़कंप

इन तीनों मामलों में कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। एसएसपी अनुराग आर्य ने साफ कहा है कि पुलिस की छवि खराब करने वाले किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता के साथ गलत व्यवहार, भ्रष्टाचार, महिला मामलों में लापरवाही और विभागीय नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

पीड़ित शख्स का बयान

तीनों मामलों में प्रारंभिक जांच शुरू

एसएसपी ने यह भी कहा कि तीनों मामलों में प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की विभागीय कार्रवाई भी तय की जाएगी। बरेली पुलिस में हुई इस बड़ी कार्रवाई को लेकर जिले में चर्चा तेज है और इसे पुलिस विभाग में अनुशासन कायम करने की बड़ी पहल माना जा रहा है।

विकास साहनी की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

कानपुर में बीच सड़क पर चाकू और हेलमेट से जानलेवा हमला, पिता और बेटे की गई जान, डबल मर्डर से हड़कंप

'यूपी में योगी आदित्यानाथ लगाएंगे जीत की हैट्रिक, 2027 में फिर से बनेगी भाजपा सरकार', तेज प्रताप यादव का बड़ा बयान

 
 
 
 
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।