1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. Video: पागल नशेड़ी के हाथ आई सवारियों से भरी UP रोडवेज की बस, सड़क पर मचा दिया तांडव, देखें कैसे बची जान

Video: पागल नशेड़ी के हाथ आई सवारियों से भरी UP रोडवेज की बस, सड़क पर मचा दिया तांडव, देखें कैसे बची जान

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Sep 06, 2025 05:25 pm IST,  Updated : Sep 06, 2025 05:25 pm IST

मंदबुद्धि व्यक्ति नशे में था और वह सवारियों से भरी बस कई किलोमीटर तक दौड़ाता रहा। अंत में बस अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिर गई। इस घटना में कई लोग घायल हुए हैं। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।

UP Roadways Bus- India TV Hindi
यूपी रोडवेज की बस लेकर भागा नशेड़ी Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में नशे में धुत एक नशेड़ी ने यूपी रोडवेज की बस को कई किलोमीटर तक दौड़ाया। बस में कई यात्री भी बैठे हुए थे और सभी की सांसे अटकी हुई थी। आखिरकार जब बस रुकी तो सभी ने राहत की सांस ली। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। हालांकि, कई लोग चोटिल जरूर हुए हैं, लेकिन किसी की भी चोट गंभीर नहीं है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सड़क पर तेज रफ्तार से दौड़ती हुई एक रोडवेज बस नजर आ रही है। यह बस यूपी रोडवेज की थी।

बताया जा रहा है कि बस के ड्राइवर ने चाबी लगी छोड़ दी थी और बाहर चला गया था। इस समय बस में सवारियां भी बैठ चुकी थीं। इसी बीच एक मंदबुद्धि व्यक्ति नशे की हालत में अंदर चढ़ा और बस चलानी शुरू कर दी। वह कई किलोमीटर तक बस चलाता रहा। इस बीच उसने एक ई रिक्शा को टक्कर भी मारी, जिससे उसमें बैठे लोगों को मामूली चोट आई है।

बाइक से पीछा करते रहे लोग

लाइव वीडियो में बस कभी सड़क के इस तरफ और कभी उसे तरफ दौड़ती हुई दिखाई दे रही है। साथ ही बस के पीछे मोटरसाइकिल सवार बस का पीछा करते हुए अपने अपने मोबाइल से वीडियो बना रहे हैं। दरअसल बस चालक बस में चाबी लगाकर बस को छोड़कर कुछ देर के लिए उतर गया था। इसी बाच एक मंदबुद्धि नशेड़ी बस को स्टार्ट करके सड़क पर निकल पड़ा। जैसे ही बस सड़क पर आई और बेकाबू तेज रफ्तार में दौड़ने लगी तो बस में बैठे लोगों के होश उड़ गए। बस में बैठी सवारियों में चीख पुकार मच गई। इसके बावजूद भी बस चल रहा व्यक्ति बस को तेज रफ्तार में कई किलोमीटर तक दौड़ता रहा। बाद में बस बेकाबू होकर सड़क किनारे एक गड्ढे में जा गिरी। 

अफजलगढ़ की घटना

घटना थाना अफजलगढ़ क्षेत्र की है। यहां आगवन अड्डे पर कौशांबी बस डिपो की रोडवेज बस सवारियों को बैठाने के लिए रुकी थी। तभी बस चालक बस में चाबी लगी छोड़कर किसी काम से नीचे उतर गया। तभी एक नशेड़ी और मंद बुद्धि बस की ड्राइवर सीट पर जा बैठा और बस को स्टार्ट करके सड़क पर निकल गया। बस के चलते ही सवारियों और स्थानीय लोगों में हड़कंप गया और स्थानीय लोग अपनी मोटरसाइकिल से बस को रोकने के लिए और लोगों को बचाने के लिए बस के पीछे-पीछे दौड़ पड़े। 

पुलिस का बयान

इसकी सूचना पुलिस को भी मिली तो पुलिस भी बस के पीछे दौड़ पड़ी। घंटों की मशक्कत के बाद आखिरकार तेज रफ्तार बस सड़क किनारे एक गड्ढे में जा गिरी। उधर बस के गड्ढे में गिरने से बस में सवार सवारियों को मामूली चोट तो जरूर आई हैं, लेकिन एक बहुत बड़ा हादसा होने से टल गया है। सड़क पर चल रहे कुछ अन्य वाहन में भी बस की टक्कर लगने से वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। एसपी पूर्वी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि एक मंद बुद्धि और नशेड़ी द्वारा बस को लेकर सड़क पर दौड़ने का मामला सामने आया है। इस घटना में मंदबुद्धि नशेड़ी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और बस चालक की तहरीर के आधार पर पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है।

(बिजनौर से रोहित त्रिपाठी की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।