1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. VIDEO: बिजनौर के मीना बाजार में कपड़े पर 'महायुद्ध', दुकानदार-ग्राहक के गुट में चले लात-घूंसे और पत्थर

VIDEO: बिजनौर के मीना बाजार में कपड़े पर 'महायुद्ध', दुकानदार-ग्राहक के गुट में चले लात-घूंसे और पत्थर

 Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Feb 22, 2026 05:45 pm IST,  Updated : Feb 22, 2026 05:45 pm IST

Bijnor Nagina Clash: बिजनौर के मीना बाजार में बवाल हुआ है। यहां कपड़ा लौटाने की बात पर ग्राहक और दुकानदार भिड़ गए। इस दौरान, बाजार में अफरातफरी के बीच ईंट-पत्थर चलने लगे। इस हिंसा में कई लोग घायल हो गए हैं।

Bijnor Fight Video- India TV Hindi
बिजनौर में बीच बाजार बवाल हुआ है। Image Source : REPORTERS INPUT

Bijnor Fight Video: यूपी के बिजनौर में नगीना के मीना बाजार में जमकर बवाल हुआ। यहां मोहल्ला पंजाबियान में रविवार को एक साधारण विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया। कपड़े की वापसी को लेकर शुरू हुई बहस कुछ ही मिनटों में मारपीट और पत्थरबाजी में बदल गई, जिससे पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। अचानक हुई इस हिंसा से बाजार में खरीदारी कर रहे लोग घबरा गए। कई दुकानदारों ने तुरंत अपनी दुकानें बंद कर दीं। मारपीट में कई लोगों के सिर फट गए और खून बहने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को सुरक्षित जगह पर पहुंचाया।

कपड़ा लौटाने को लेकर इनकार पर 'जंग'

जानकारी के अनुसार, एक ग्राहक खरीदा हुआ कपड़ा वापस करने दुकान पर पहुंचा था। लेकिन दुकानदार की तरफ से कपड़ा लौटाने से इनकार करने पर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। पहले मामला जुबानी बहस तक सीमित था। लेकिन देखते ही देखते दोनों पक्षों में हाथापाई हो गई।

ईंट-पत्थर और लात-घूसों की ताबड़तोड़ बरसात

चश्मदीदों के अनुसार, झगड़े के बाद ग्राहक वहां से चला गया। लेकिन कुछ समय बाद अपने साथियों के साथ दोबारा दुकान पर पहुंचा। इसके बाद दोनों गुट आमने-सामने आ गए और जमकर लात-घूंसे चले। हालात तब और बिगड़ गए जब लोगों ने हाथों में ईंट और पत्थर उठा लिए और एक-दूसरे पर फेंकने लगे।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

घटना का वीडियो किसी राहगीर ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि भीड़ के बीच किस तरह पत्थरबाजी हो रही है और लोग जान बचाने के लिए भाग रहे हैं।

पुलिस ने बढ़ाई बाजार की निगरानी

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल बाजार में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि दोबारा कोई अप्रिय घटना न हो।

(इनपुट- रोहित त्रिपाठी)

ये भी पढ़ें- VIDEO: SIR में वोट कटने पर गांव बना मैदान-ए-जंग, खूब चले ईंट-पत्थर और डंडे; दर्जन भर से ज्यादा लोग घायल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।