1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. दोस्त के साथ होली मनाने जा रहा था विजय, रोडरेज में बाइक सवार बदमाशों ने गोलियों से भूना

दोस्त के साथ होली मनाने जा रहा था विजय, रोडरेज में बाइक सवार बदमाशों ने गोलियों से भूना

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Mar 04, 2026 05:30 pm IST,  Updated : Mar 04, 2026 05:30 pm IST

हापुड़ में होली के दिन उस समय सनसनी फैल गई जब विजय अपने दोस्त के साथ बाइक पर सवार होकर होली मनाने जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे तीन अन्य बाइक सवारों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी।

युवक की मौत की खबर...- India TV Hindi
युवक की मौत की खबर सुनते ही परिजन अपना आपा खो बैठे। Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र स्थित गांव पुठ में होली का जश्न उस समय मातम में बदल गया, जब रोडरेज की एक मामूली घटना ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। रोडरेज को लेकर हुए मामूली विवाद में एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव पुठ में हुई इस घटना ने त्योहार के उल्लास को मातम में बदल दिया है।

खूनी होली से खुशियों में पसरा मातम

जनपद हापुड़ के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र में बाइक की टक्कर को लेकर शुरू हुए विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि 3 हमलावरों ने अवैध हथियारों, तमंचे आदि से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे गांव में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार, विजय नामक युवक अपने दोस्त के साथ बाइक पर सवार होकर होली मनाने जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे तीन अन्य बाइक सवारों से उनकी टक्कर हो गई। इस मामूली बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गई।

बदमाशों ने विजय पर कई राउंड फायर किए

बाइक सवार तीनों आरोपियों ने आपा खोते हुए अवैध हथियार निकाल लिए और विजय पर कई राउंड फायर किए। विजय को तीन गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों द्वारा आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। 

आपा खो बैठे परिजन

मौत की खबर सुनते ही परिजन अपना आपा खो बैठे। होली के गुलाल से सने चेहरों पर अब केवल आंसू और चीखें बाकी रह गई। विजय के शव के पास उसकी मां, बहन और अन्य महिला परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अस्पताल परिसर में मौजूद पुलिसकर्मी और अन्य लोग परिजनों को ढांढस बंधाने की कोशिश कर रहे हैं। 

इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

घटना की सूचना मिलते ही थाना बहादुरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्यवाही पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस द्वारा हमलावरों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की हैं। घटना के चलते क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी

(रिपोर्ट- निशांक शर्मा)

यह भी पढ़ें-

यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर जानलेवा हमले का CCTV फुटेज आया सामने, ताबड़तोड़ चाकू मारते दिखे ज़ीशान-गुलफाम

मेरठ मर्डर केस में नया मोड़: मृत महिला ‘अर्चिता’ नहीं, तुर्कमेनिस्तान की ‘मुहब्बत’ निकली; होटल मालिक समेत 4 अरेस्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।