Thursday, March 05, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मेरठ मर्डर केस में नया मोड़: मृत महिला ‘अर्चिता’ नहीं, तुर्कमेनिस्तान की ‘मुहब्बत’ निकली; होटल मालिक समेत 4 अरेस्ट

मेरठ मर्डर केस में नया मोड़: मृत महिला ‘अर्चिता’ नहीं, तुर्कमेनिस्तान की ‘मुहब्बत’ निकली; होटल मालिक समेत 4 अरेस्ट

Edited By: Khushbu Rawal @khushburawal2 Published : Mar 04, 2026 03:54 pm IST, Updated : Mar 04, 2026 03:54 pm IST

पिछले महीने मेरठ के मवाना इलाके में मृत मिली महिला तुर्कमेनिस्तान की नागरिक है। मृतका का परतापुर इलाके में अविका होटल के संचालक चंचल कुमार और उसके साथियों के साथ कमरे के किराए को लेकर विवाद था। 20 फरवरी की रात को आरोपियों ने महिला का गला कंबल से घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को खेत में फेंक दिया।

मृतका की फाइल फोटो,...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मृतका की फाइल फोटो, दूसरी तस्वीर आरोपियों की है।

मेरठ के मवाना थाना क्षेत्र में मिले युवती के शव की गुत्थी सुलझने के बजाय और उलझती जा रही है। पहले जिस महिला की पहचान दिल्ली निवासी अर्चिता अरोड़ा के रूप में की गई थी, अब उसके तुर्कमेनिस्तान की नागरिक ‘मुहब्बत’ होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में एक बार फिर से नए सिरे से जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

बीती 21 फरवरी की रात मेरठ-बिजनौर नेशनल हाईवे के किनारे सरसों के खेत में युवती का शव बरामद हुआ था, शव काफी दिन पुराना और सड़ा हुआ मिला था। वहीं, महिला की पहचान छुपाने के लिए उसके चेहरे को तेजाब से बुरी तरह जला दिया गया था, जिससे पहचान मुश्किल हो गई थी। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया और जांच शुरू की।

चेहरा जले महिला का शव की पहचान मेरठ पुलिस के लिए चुनौती बन गई। आसपास के क्षेत्रों में पता कराया गया कि घर से कोई महिला मिसिंग तो नहीं है। जांच के दौरान पुलिस ने 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एक कैमरे में सफेद रंग की क्रेटा कार संदिग्ध दिखाई दी। कार की जांच करने पर वह एक होटल संचालक चंचल उर्फ बंटी की निकली।

होटल के कमरे में युवती की गला घोंटकर हत्या

पुलिस ने चंचल उर्फ बंटी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में खुलासा हुआ कि 17-18 फरवरी की रात परतापुर थाना क्षेत्र स्थित एक होटल के कमरे में युवती की गला घोंटकर हत्या की गई थी। हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर टॉयलेट क्लीनर और तेजाब डाला गया।

वारदात के बाद होटल के CCTV फुटेज डिलीट

आरोपियों ने शव को क्रेटा कार में रखकर मवाना-बिजनौर रोड किनारे खेत में फेंक दिया। वारदात के बाद होटल के सीसीटीवी फुटेज भी डिलीट कर दिए गए। पुलिस ने मुख्य आरोपी बंटी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल कार, कम्बल और तेजाब की बोतल बरामद कर ली थी। पूछताछ में आरोपियों ने पैसों के लेन-देन और ब्लैकमेलिंग को हत्या की वजह बताया था।

मामले में नया मोड़ तब आया जब जांच के दौरान मृतका का संबंध तुर्कमेनिस्तान से होने की जानकारी सामने आई। बताया जा रहा है कि ‘अर्चिता अरोड़ा’ नाम फर्जी हो सकता है और महिला का असली नाम ‘मुहब्बत’ है, जो तुर्कमेनिस्तान की रहने वाली थी और कई वर्षों से दिल्ली में रह रही थी।

मृतका की मां ने तुर्कमेनिस्तान दूतावास को लिखा पत्र

मिली जानकारी के मुताबिक, मृतका की मां नाहमदिनोवा गुलनार ने भारत में अपनी परिचित की मदद से तुर्कमेनिस्तान दूतावास को पत्र लिखकर मामले की जानकारी दी है। आरोप है कि मुहब्बत का पासपोर्ट दलालों के पास था और आधार कार्ड पर ‘अर्चिता’ नाम दर्ज था, जबकि फोटो विदेशी महिला का ही था। कुछ इनपुट में यह भी आशंका जताई गई है कि महिला किसी अंतरराष्ट्रीय गिरोह या अवैध गतिविधियों से जुड़ी हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन होने की आशंका

मेरठ पुलिस ने इस मामले में विदेश मंत्रालय के माध्यम से संबंधित दूतावास से संपर्क साधा है। अब पुलिस नए सिरे से सभी तथ्यों की गहनता से जांच कर रही है। फिलहाल, यह मामला महिला की पहचान को लेकर और पेचीदा है गया है। वहीं अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन होने की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही सही तस्वीर सामने आ पाएंगी।

(रिपोर्ट- हिमा अग्रवाल)

यह भी पढ़ें-

'मेरी GF को वो रात में अपने घर पर रोक लेते थे', BDO की गाड़ी में आग लगाने वाला निकला महिला रसोइया का बॉयफ्रेंड

पति को घर में बंद करके लगा दी आग, ताला लगाकर फरार हो गई पत्नी; पति की मौत

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement