1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. हेलीकॉप्टर की हवा से सड़क पर गिरे बाइक सवार, पुष्प वर्षा के दौरान हादसा

हेलीकॉप्टर की हवा से सड़क पर गिरे बाइक सवार, पुष्प वर्षा के दौरान हादसा

 Written By: Pankaj Mishra
 Published : Aug 21, 2026 06:44 pm IST,  Updated : Aug 21, 2026 06:44 pm IST

यूपी के झांसी में कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर रहा हेलीकॉप्टर जमीन के काफी करीब आ गया, इससे कई बाइक सवार घायल हो गए। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

helicopter showering flowers on the Kanwadiyas created so much wind that the bike rid in jhansi- India TV Hindi
झांसी में कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर रहे हेलीकॉप्टर से इतनी हवा लगी कि सड़क पर चल रहे बाइक सवार गिर गए। Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के झांसी में गुरुवार को निकली भव्य कांवड़ यात्रा के दौरान आसमान से हो रही पुष्प वर्षा का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ओरछा से झांसी के सिद्धेश्वर मंदिर के लिए निकाली जा रही कांवड़ यात्रा में यूपी सरकार के सरकारी हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कराई जा रही थी। इसी दौरान हेलीकॉप्टर काफी नीचे आय गया और इसके तेज हवा के दबाव से सड़क से गुजर रहे कई बाइक सवार बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। पूरी घटना एक बच्चे के मोबाइल कैमरे में कैद हो गई।

हेलीकॉप्टर में झांसी मंडलायुक्त और झांसी आईजी के भी होने की जानकारी

दरअसल, गुरुवार को ओरछा से झांसी के सिद्धेश्वर मंदिर के लिए भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई थी। यात्रा में शामिल कांवड़ियों का जगह-जगह स्वागत किया गया। इसी दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के सरकारी हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कराई जा रही थी। हेलीकॉप्टर में झांसी मंडलायुक्त और झांसी आईजी के भी सवार होने की जानकारी सामने आई है।

सड़क से गुजर रहे कई बाइक सवार असंतुलित होकर जमीन पर गिरे

बताया जा रहा है कि पुष्प वर्षा के दौरान हेलीकॉप्टर काफी नीचे आ गया। हेलीकॉप्टर के पंखों से पैदा हुए तेज हवा के दबाव की वजह से सड़क से गुजर रहे कई बाइक सवार अचानक असंतुलित हो गए और बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। खास बात यह है कि इसी दौरान एक बच्चा अपने मोबाइल फोन से हेलीकॉप्टर से की जा रही पुष्प वर्षा का वीडियो बना रहा था। इसी दौरान अचानक बाइक सवारों के गिरने की घटना भी उसके कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

हादसे का वीडियो वायरल होने के बाद उठ रहे हैं सवाल

अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद हेलीकॉप्टर की कम ऊंचाई पर उड़ान और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर लोगों के बीच चर्चा तेज है। इस बीच सवाल यह है कि पुष्प वर्षा के दौरान हेलीकॉप्टर की उड़ान की ऊंचाई और सड़क पर मौजूद लोगों की सुरक्षा को लेकर क्या पर्याप्त सावधानी बरती गई थी।

झांसी से आकाश राठौर की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें 

महोबा में वंदे भारत से टकराया सांड, आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त; एक घंटे तक रुकी रही ट्रेन

बरेली में कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में ट्रक ने मारी टक्कर, 2 की हुई मौत; 13 घायल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।