1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी उपचुनाव: अखिलेश यादव के ऐलान करते ही BJP ने लिए मजे, उधर से कांग्रेस का भी आया जवाब

यूपी उपचुनाव: अखिलेश यादव के ऐलान करते ही BJP ने लिए मजे, उधर से कांग्रेस का भी आया जवाब

 Reported By: Ruchi Kumar, Edited By: Mangal Yadav
 Published : Oct 24, 2024 10:58 am IST,  Updated : Oct 24, 2024 11:40 am IST

यूपी के 9 सीटों पर हो रहे उपचुनाव में कांग्रेस अपना उम्मीदवार नहीं उतारेगी। बीजेपी ने इस पर तंज कसा है और कहा है कि कांग्रेस के हाथ खाली रह गए और सपा ने हरियाणा-मध्य प्रदेश का बदला यूपी में ले लिया।

बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी- India TV Hindi
बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी Image Source : INDIA TV

लखनऊः यूपी उपचुनाव में सभी सीटों पर साइकिल चुनाव निशान पर लड़ने की घोषणा पर बीजेपी ने विपक्षी गठबंधन पर तंज कस है। बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि हाथ का पंजा खाली रह गया, कांग्रेस अब हाथ मलती रहे। सपा ने मुलायम सिंह वाला धोबी पछाड़ दांव कांग्रेस पर चल दिया है। भाजपा का 'कांग्रेस मुक्त' का नारा सपा ही साकार कर रही है। राकेश त्रिपाठी ने कहा कि कांग्रेस अपनी दुर्दशा के लिए खुद जिम्मेदार है। सपा ने मध्य प्रदेश और हरियाणा विधानसभा चुनाव का बदला यूपी में लिया है। 

अखिलेश यादव ने बुधवार को किया था ये ऐलान

 दरअसल, अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि 13 नवंबर को होने वाले विधानसभा उपचुनाव में सभी नौ सीट पर  इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार उनकी पार्टी के चुनाव चिन्ह 'साइकिल' पर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा एकजुट हैं और गठबंधन उपचुनाव में जीत की नई इबारत लिखेगा। 

कांग्रेस की तरफ से भी आया बयान

 वहीं, अखिलेश यादव के बयान पर कांग्रेस का भी बयान सामने आया है। पार्टी नेता सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि इंडिया गठबंधन सभी 9 सीटों पर चुनाव लड़ रहा है। हमारे लिए चुनाव चिह्न महत्तवूर्ण नहीं  है। हमारे लिए भाजपा के कुशासन का अंत महत्वपूर्ण है। हमारे लिए महत्वपूर्ण है कि सुरक्षा, शांति और संविधान की रक्षा कैसे की जाए। इंडिया गठबंधन सभी 9 सीटों पर चुनाव लड़ रहा है। जिस तरह से अखिलेश यादव ने हरियाणा में बड़ा दिल दिखाया, हम उसी भावना के साथ चुनाव लड़ेंगे और सभी 9 सीटों पर जीत हासिल करेंगे। 

सपा ने अभी तक सात उम्मीदवार घोषित किए हैं

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को घोषणा की कि इंडिया ब्लॉक के उम्मीदवार आगामी उपचुनावों में सभी नौ सीटों पर अपनी पार्टी के चुनाव चिन्ह 'साइकिल' पर चुनाव लड़ेंगे।

कांग्रेस ने 10 विधानसभा सीटों (मिल्कीपुर सहित) में से पांच की मांग की थी। हालांकि, सपा ने पिछले हफ्ते कहा था कि वह कांग्रेस दो सीटों, गाजियाबाद और खैर (अलीगढ़) देगी। कांग्रेस ने चुनाव में कुल 5 सीटों पर दावा किया था लेकिन समाजवादी पार्टी ने अपनी तरफ से कुल 7 उम्मीदवार मैदान में उतार दिए हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।