1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अपने आवास पर ब्राह्मण विधायकों को भोज देने वाले पीएन पाठक ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष को दिया जवाब? जानिए क्या कहा

अपने आवास पर ब्राह्मण विधायकों को भोज देने वाले पीएन पाठक ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष को दिया जवाब? जानिए क्या कहा

 Reported By: Vishal Pratap Singh, Edited By: Mangal Yadav
 Published : Dec 30, 2025 09:37 am IST,  Updated : Dec 30, 2025 09:48 am IST

पीएन पाठक ने कहा है कि ब्राह्मण समाज को जोड़ता है, न की विभाजन करता है। पाठक का यह बयान प्रदेश अध्यक्ष की नाराजगी के बाद आया है।

ब्राह्मण विधायकों की बैठक की तस्वीर- India TV Hindi
ब्राह्मण विधायकों की बैठक की तस्वीर Image Source : REPORTER

लखनऊः ब्राह्मण विधायकों को भोज देने वाले बीजेपी विधायक पंचानंद पाठक उर्फ पीएन पाठक ने बड़ा बयान दिया है। पीएन पाठक ने अपने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखा है। पोस्ट में भाजपा विधायक ने साफ किया कि ब्राह्मण समाज हर समाज को जोड़ने के लिए बैठता है ना कि विभाजन कार्य के लिए। माना जा रहा है यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी की नाराजगी के बाद यह पोस्ट लिखा गया। इस बयान को पीएन पाठक के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है। कुछ दिनों पहले बीजेपी के ब्राह्मण विधायकों की पीएन पाठक के लखनऊ आवास पर मीटिंग हुई थी। इस मीटिंग को सहभोज नाम दिया गया। बैठक में करीब 40 विधायक और एमएलसी शामिल हुए थे। 

पीएन पाठक ने सोशल मीडिया पर लिखी ये बातें

पीएन पाठक ने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा कि 'सनातन परंपरा में ब्राह्मण को समाज का मार्गदर्शक, विचारक और संतुलनकर्ता माना गया है। जहां ब्राह्मण एकत्र होता है, वहां ज्ञान, विवेक और चिंतन का मंथन होता है, जो हिंदू अस्मिता को सशक्त बनाता है। उसका धर्म समाज को जोड़ना है, विभाजन नहीं'।

 

क्यों हुआ था विवाद

ब्राह्मण विधायकों से कुछ महीने पहले ठाकुर विधायकों ने दो बैठकें कीं थी। राज्य सरकार के मंत्री, जयवीर सिंह, दयाशंकर सिंह, साथ ही अन्य मंत्री और विधायक भी बैठक में मौजूद थे। लेकिन उस दौरान बीजेपी की तरफ से कोई आपत्ति नहीं जताई गई। पूर्व सांसद राजवीर सिंह राजू भैया ने लोध समुदाय के विधायकों, सांसदों और नेताओं का एक सम्मेलन आयोजित किया। उन्होंने समुदाय की आवाज़ भी उठाई। लेकिन उस समय भी पार्टी की तरफ से कोई आपत्ति नहीं जताई गई। कुर्मी इंटेलेक्चुअल विचार मंच के बैनर तले बीजेपी के कुर्मी विधायकों ने भी इस तरह एक बैठक की। बैठक में सरकार और संगठन में समुदाय के लिए पर्याप्त नेतृत्व का मुद्दा भी उठाया गया। लेकिन उस समय भी बीजेपी की तरफ से कोई आपत्ति नहीं जताई गई।

हालांकि जब ब्राह्मण विधायकों ने मीटिंग की तो प्रदेश के नए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने ब्राह्मण नेताओं को चेतावनी दी। यूपी बीजेपी अध्यक्ष की चेतावनी के बाद, कांग्रेस-सपा ने ब्राह्मण वोटरों को लुभाने की कोशिशें शुरू कर दी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने ब्राह्मण नेताओं से मज़बूत रुख अपनाने को कहा है।  

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।