1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बरेली में बिजली कटौती पर भड़के बीजेपी विधायक, अधिकारियों से बोले-'फोन नहीं उठाए तो जनता सड़क पर होगी'

बरेली में बिजली कटौती पर भड़के बीजेपी विधायक, अधिकारियों से बोले-'फोन नहीं उठाए तो जनता सड़क पर होगी'

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : May 23, 2026 11:16 pm IST,  Updated : May 23, 2026 11:33 pm IST

बेरली में बिजली कटौती से नाराज कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अगर वे लोग फोन नहीं उठाए तो जनता सड़क पर होगी।

बरेली में बिजली कटौती पर भड़के बीजेपी विधायक- India TV Hindi
बरेली में बिजली कटौती पर भड़के बीजेपी विधायक Image Source : REPORTER

बरेली में बिजली व्यवस्था को लेकर कैंट के भाजपा विधायक संजीव अग्रवाल ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर खुलकर नाराजगी जताई है। विधायक ने साफ कहा कि जनता परेशान है लेकिन अधिकारी फोन तक नहीं उठा रहे। अगर यही हाल रहा तो लोग सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे और कानून व्यवस्था बिगड़ने की जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।

जनप्रतिनिधियों की बात नहीं मान रहे संजीव

विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। ऐसे में घंटों बिजली कटने से आम लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। शहर के कई इलाकों में बार-बार बिजली जाने की शिकायतें मिल रही हैं। लोग रातभर जागने को मजबूर हैं। छोटे बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग सबसे ज्यादा परेशान हैं। उन्होंने कहा कि जनता लगातार बिजली विभाग से शिकायत कर रही है लेकिन अधिकारियों का रवैया बेहद लापरवाह बना हुआ है। जब लोग अधिकारियों को फोन करते हैं तो फोन रिसीव नहीं किया जाता। कई बार जनप्रतिनिधियों की कॉल तक नहीं उठाई जाती। इससे साफ पता चलता है कि अधिकारी जनता की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहे।

विधायक ने अधिकारियों को दी चेतावनी

मीटिंग में विधायक संजीव अग्रवाल ने सख्त शब्दों में कहा कि अफसर अपनी औकात में रहें और जनता के साथ सही व्यवहार करें। अगर अधिकारी अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा सकते तो उन्हें यहां से हटने के लिए तैयार रहना चाहिए। जनता परेशान रहे और अधिकारी एसी कमरों में बैठे रहें, यह अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा सरकार पर भरोसा करके वोट दिया है। ऐसे में अधिकारियों की लापरवाही से सरकार की छवि खराब हो रही है। विधायक ने साफ चेतावनी दी कि अगर जल्द बिजली व्यवस्था नहीं सुधरी और अधिकारियों ने फोन उठाना शुरू नहीं किया तो हालात बिगड़ सकते हैं।

 अधिकारियों से बोले-'फोन नहीं उठाए तो जनता सड़क पर होगी'

विधायक ने कहा कि लोग लगातार गुस्से में हैं। अगर जनता सड़क पर उतर आई तो स्थिति संभालना मुश्किल हो जाएगा। उस समय किसी भी तरह की अव्यवस्था के लिए सीधे तौर पर बिजली विभाग जिम्मेदार होगा। उन्होंने अधिकारियों से तुरंत व्यवस्था सुधारने और शिकायतों का समाधान करने को कहा है। कैंट विधानसभा के शांति विहार में पिछले दो दिन से लाइट नहीं थी इसके चलते लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था लोगों की शिकायत के बाद जब बिजली विभाग के लोगों ने बात नहीं सुनी तो विधायक संजीव अग्रवाल ने भी बिजली विभाग के बड़े अधिकारियों को फोन कर समस्या का समाधान करने को कहा था शांति विहार कालोनी में ट्रांसफार्मर की समस्या के कारण बिजली न आना था जिसको बदल दिया गया है और बिजली व्यवस्था सुचारू करा दी गई।

रिपोर्ट- विकास साहनी, बरेली

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।