1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नोएडाः बंद कमरे में मिला प्रेमी-प्रेमिका का शव, लिव-इन में रह रहा था कपल

नोएडाः बंद कमरे में मिला प्रेमी-प्रेमिका का शव, लिव-इन में रह रहा था कपल

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Apr 23, 2026 02:50 pm IST,  Updated : Apr 23, 2026 02:52 pm IST

ग्रेटर नोएडा में एक युवक और युवती का शव मिला है। दोनों लिव-इन पार्टनर थे और साथ में तीन साल से रह रहे थे। बंद कमरे में बदबू आने पर पड़ोसियों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।

मृतक युवक युवती की फाइल फोटो- India TV Hindi
मृतक युवक युवती की फाइल फोटो Image Source : REPORTER

नोएडाः ग्रेटर नोएडा में एक बंद कमरे से प्रेमी और प्रेमिका के शव बरामद हुए हैं। पुलिस को प्रारंभिक जांच में हत्या और आत्महत्या का संदेह है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया है। घटना नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के तुगलपुर की है। 

हत्या के बाद आत्महत्या का शक

जानकारी के मुताबिक, गुड्डू पासवान उर्फ गोलू (30 वर्ष) अपनी लिव-इन पार्टनर ज्योति के साथ किराए के मकान में रहता था। पुलिस को देर रात एक बंद कमरे से दुर्गंध आने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि कमरा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़ने पर अंदर गुड्डू का शव फंदे से लटका मिला, जबकि ज्योति का शव पास ही बेड पर पड़ा था। पुलिस को शक है कि पहले गोलू ने ज्योति की हत्या की होगी और उसके बाद फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया होगा। फिलहाल मामले की जांच चल रही है।

आपस में लड़ते थे दोनों

बताया जा रहा है कि ज्योति एक निजी अस्पताल में हाउसकीपिंग का काम करती थी, लेकिन पिछले 20 दिनों से वह अस्पताल नहीं गई थी। गुड्डू कोई काम नहीं करता था। स्थानीय लोगों ने दोनों को पिछले दो दिनों से नहीं देखा था। ये दोनों देवरिया के रहने वाले थे और लगभग तीन साल पहले किराए पर रहने आए थे।

पड़ोसियों के अनुसार, दोनों के बीच अक्सर गुड्डू के बेरोजगार होने को लेकर झगड़ा होता था। ज्योति नौकरी करती थी, लेकिन जब उसने भी काम छोड़ दिया तो घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया, जिससे उनके बीच विवाद और बढ़ गया था। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

नॉलेज पार्क थाना प्रभारी ने बताया कि रात्रि में कमरे से बदबू आने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा गया और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया था। फिलहाल, दोनों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।

 रिपोर्ट- राहुल ठाकुर, नोएडा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।