1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. शराबी दूल्हे की हरकतों से टूटी शादी, दुल्हन ने मंडप में फेरे लेने से किया साफ इनकार

शराबी दूल्हे की हरकतों से टूटी शादी, दुल्हन ने मंडप में फेरे लेने से किया साफ इनकार

 Edited By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Jul 07, 2026 12:27 pm IST,  Updated : Jul 07, 2026 12:27 pm IST

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी के दौरान दूल्हे की हरकतों से परेशान होकर दुल्हन ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया।

Bride and her faimly- India TV Hindi
दुल्हन का परिवार Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शादी समारोह में उस समय हंगामा मच गया जब दूल्हे की शर्मनाक हरकतों से तंग आकर दुल्हन ने शादी करने से साफ मना कर दिया। इस फैसले के बाद खुशियों का माहौल तनाव में बदल गया और बारात को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा। इस वक्त यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, यह मामला मुजफ्फरनगर के बुढाना कोतवाली क्षेत्र का है। डूंगर गांव से एक बारात टांडा माजरा गांव आई थी। बारात के स्वागत के बाद सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन आरोप है कि इसी बीच दूल्हे ने अपने कुछ दोस्तों के साथ मिलकर जमकर शराब पी ली। नशे में धुत होने के बाद दूल्हे ने अपना आपा खो दिया। उसने कथित तौर पर अपने कपड़े उतार दिए और केवल अंडरगारमेंट्स में घूमते हुए हंगामा करने लगा। दूल्हे को इस हालत में देखकर वहां मौजूद लड़की वाले और मेहमान हैरान रह गए।

दुल्हन ने किया शादी करने से इनकार 

दूल्हे की इस बदतमीजी को देखकर दुल्हन करिश्मा ने हिम्मत दिखाई और ऐसे शराबी शख्स के साथ सात फेरे लेने से साफ तौर पर मना कर दिया। दुल्हन के इस फैसले का उसके परिवार ने भी पूरा समर्थन किया। इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद और बढ़ गया। लड़की वालों का आरोप है कि दूल्हे पक्ष के लोगों ने वहां हवाई फायरिंग भी की। इसके साथ ही दुल्हन के पिता सरदमल ने आरोप लगाया कि दूल्हा और उसके घरवाले दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे, जिसके कारण विवाद और ज्यादा गहरा गया।

दुल्हन के बिना ही वापस लौटी बारात

हंगामे की सूचना मिलते ही बुढाना कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दूल्हे का मेडिकल टेस्ट भी कराया। विवाद बढ़ने के कारण शादी की सभी रस्में बीच में ही रोक दी गईं। आखिरकार, दूल्हे और उसके परिवार को बिना दुल्हन के ही खाली हाथ वापस लौटना पड़ा। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों की तरफ से शिकायतें मिली हैं। शिकायतों और सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मुजफ्फरनगर से योगेश त्यागी की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें

फतेहपुर में घरेलू हिंसा का खौफनाक रूप, चारपाई से बांधकर पति को करंट देने वाली पत्नी गिरफ्तार

मुकदमा वापस न लेने पर दबंग ने पूर्व फौजी के बेटे को दी गर्दन उड़ाने की धमकी, बोला- बच्चों को अनाथ कर दूंगा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।