बागपत: मैट्रिमोनियल ऐप पर शुरू हुई बातचीत एक महिला को शादी के बंधन तक ले गई, लेकिन शादी के कुछ ही समय बाद रिश्ते में ऐसा मोड़ आया कि पत्नी को अपने पति की तलाश में बागपत पहुंचकर अधिकारियों से न्याय की गुहार लगानी पड़ी। इसके बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है। उसके ससुर ने भी पति की कोई जानकारी होने से इनकार किया है।
क्या है पूरा मामला?
गाजियाबाद जनपद क्षेत्र की रहने वाली उषा ने बागपत कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा और पति के साथ रहने व मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। उषा के मुताबिक, उसकी बातचीत बागपत के लुहारी गांव निवासी सूरज कुमार से जीवनसाथी ऐप के जरिए शुरू हुई थी। दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला आगे बढ़ा और धीरे-धीरे यह रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया। उसने आरोप लगाया है कि सूरज ने उससे शादी करने का भरोसा दिया था। इसी दौरान उसने खुद को सेना में तैनात बताते हुए लद्दाख में ड्यूटी करने की बात भी कही।
23 जुलाई हुई थी शादी
महिला के अनुसार, दोनों ने 23 जुलाई 2026 को दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट परिसर स्थित आर्य समाज मंदिर में शादी की। शादी के बाद कुछ समय तक दोनों साथ रहे, लेकिन इसके बाद सूरज यह कहकर वहां से चला गया कि उसे ड्यूटी पर लौटना है। उषा का आरोप है कि इसके बाद वह लगातार पति से संपर्क करने का प्रयास करती रही। हर बार उसे छुट्टी मिलने पर वापस आने का भरोसा दिया जाता रहा। काफी समय बीतने के बाद जब पति वापस नहीं आया तो उषा खुद उसकी तलाश में बागपत के लुहारी गांव पहुंच गई।

पति ने साथ रखने से किया इनकार
उषा का आरोप है कि वहां सूरज ने उसे अपने साथ रखने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, उसके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। इसके बाद वह बागपत कलेक्ट्रेट पहुंची और जिलाधिकारी बागपत अस्मिता लाल से मुलाकात कर अपना पक्ष रखा। उसने शिकायती पत्र देकर कहा कि वह अपने पति के साथ रहना चाहती है और यदि पति उसे साथ रखने से इनकार करता है तो मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
उषा ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की
महिला ने अपनी सुरक्षा की मांग भी अधिकारियों के सामने रखी। अब मामला पुलिस जांच के दायरे में है। महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति सामने आएगी। शादी से जुड़े दस्तावेज, दोनों के बीच हुई बातचीत और सूरज के सेना में होने के दावे समेत अन्य तथ्यों की जांच भी मामले में अहम मानी जा रही है।
वहीं, आपको बता दें कि हाल ही में ऐसा ही एक और ऑनलाइन मैट्रिमोनियल साइट से बने रिश्ते का मामला सामने आया, जिसने एक परिवार को मुश्किल में डाल दिया है। मैट्रिमोनियल साइट से शादी के बाद महिला ने धोखा दे दिया। नरेंद्र का आरोप है कि प्रियंका अपनी मां-बच्चों के साथ फरार है।
(रिपोर्ट- पारस जैन)
यह भी पढ़ें-