1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. UP: शादी के बाद दुल्हन ने चाकू से पति को धमकाया, हनीमून पर केदारनाथ जाने का था प्लान; अब प्रेमी संग हुई फरार

UP: शादी के बाद दुल्हन ने चाकू से पति को धमकाया, हनीमून पर केदारनाथ जाने का था प्लान; अब प्रेमी संग हुई फरार

 Reported By: Imran Laeek, Edited By: Amar Deep
 Published : Jun 24, 2025 04:11 pm IST,  Updated : Jun 24, 2025 04:30 pm IST

यूपी के प्रयागराज में शादी के बाद एक महिला अपने प्रेमी संग फरार हो गई। बताया जा रहा है कि उसने पति को जान से मारने की धमकी भी दी। इससे पहले वह पति से हनीमून पर केदारनाथ जाने के लिए कह रही थी।

शादी के बाद प्रेमी संग फरार हुई दुल्हन।- India TV Hindi
शादी के बाद प्रेमी संग फरार हुई दुल्हन। Image Source : INDIA TV

प्रयागराज: इंदौर के सोनम और राजा रघुवंशी की खबर सुर्खियों में बनी हुई है। इस बीच ऐसा ही एक मामला यूपी के प्रयागराज से सामने आया है। हालंकि ऐसी घटना होने से पहले ही पति को जानकारी मिल गई और उसका कहना है कि मेरी जान बच गई। दरअसल, शादी के बाद दुल्हन अपने पति से केदारनाथ जाने को बोल रही थी। हालांकि पति ने केदारनाथ जाने से इंकार कर दिया। इस बीच दुल्हन का किसी अन्य युवक के साथ प्रेम-प्रसंग का भी मामला सामने आया है। दुल्हन ने पति को चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी तक दी। वहीं बाद में वह घर से फरार हो गई, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

पत्नी ने नजदीक आने पर निकाला चाकू

दरअसल, पूरा मामला यमुनानगर जोन के नैनी इलाके का है। यहां एडीए कॉलोनी निवासी कप्तान निषाद की शादी करछना थाना क्षेत्र के सितारा देवी के साथ 29 अप्रैल को हुई थी। शादी के बाद 2 मई को रिसेप्शन भी हुआ। कप्तान निषाद के मुताबिक दोनों परिवारों की रजामंदी से अरेंज मैरिज हुई थी। शादी के बाद 30 अप्रैल को कप्तान, सितारा देवी को विदा कराकर अपने घर लाया। पीड़ित पति के मुताबिक शादी के बाद दो दिन तक सब कुछ ठीक रहा। तीसरे दिन जब पति अपनी पत्नी के नजदीक जाने की कोशिश की तो सितारा ने चाकू निकाल लिया। उसने कहा कि अगर वह उसके करीब आएगा तो उसे मार देगी या खुद आत्महत्या कर लेगी। पत्नी की धमकी से पति डर गया। 

रिश्ते के भतीजे से चल रहा प्रेम-प्रसंग

वहीं जब पत्नी से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि उसका अफेयर उसके भतीजे अमन निषाद से चल रहा है। वह उसी के साथ रहना चाहती है। पीड़ित पति का कहना है कि इसके बाद लड़की मायके चली गई। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ। समझौते के बाद दोबारा लड़की ससुराल आई, लेकिन एक-दो दिन के बाद ही लड़की घर से भाग गई। लड़की के घर से भागने की घटना भी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सितारा देवी भागने के बाद अपने प्रेमी रिश्ते के भतीजे अमन निषाद के साथ कहीं चली गई थी। हालांकि अब लौटकर घर आ गई है और मायके में रह रही है। वह अपने प्रेमी रिश्ते के भतीजे भटौती गांव के अमन निषाद के साथ रहना चाहती है।

हनीमून पर केदारनाथ जाने को बोल रही थी दुल्हन

पीड़ित पति का कहना है कि उसकी पत्नी उसे हनीमून पर केदारनाथ ले जाने की बात कर रही थी। ‌हाल में सोनम रघुवंशी और राजा रघुवंशी की घटना के चलते वह केदारनाथ जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। उसे लगा कि कहीं पत्नी सितारा और उसका प्रेमी उसे भी ठिकाने न लगा दें। वहीं कप्तान की मां शांति देवी का कहना है कि बड़े अरमान से बेटे का ब्याह कर बहू को घर लाई थी। बहू ने उनके अरमानों पर पानी फेर दिया। पीड़ित की मां का कहना है कि अच्छा हुआ कि समय रहते बहू की असलियत का पता चल गया नहीं तो इकलौते बेटे के साथ कोई भी हादसा हो सकता था।

जांच में जुटी पुलिस

वहीं इस मामले में एसीपी करछना अरुण कुमार त्रिपाठी का कहना है कि नैनी थाने में पारिवारिक विवाद को लेकर शिकायत आई है। इस मामले की जांच पुलिस कर रही है। जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।