1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सीतापुर में सनसनी, कोर्ट से घर लौटी बहन को भाई ने उतारा मौत के घाट, धारदार हथियार से की हत्या

सीतापुर में सनसनी, कोर्ट से घर लौटी बहन को भाई ने उतारा मौत के घाट, धारदार हथियार से की हत्या

 Edited By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Aug 01, 2026 07:54 pm IST,  Updated : Aug 01, 2026 07:54 pm IST

उत्तर प्रदेश के सीतापुर में एक 22 साल के युवक ने अपनी 17 साल की बहन को जान से मार दिया। उसने अपनी बहन का पीछा करके उस पर धारदार हथियार से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी होकर गिर पड़ी।

दुर्गेश सिंह एएसपी...- India TV Hindi
दुर्गेश सिंह एएसपी सीतापुर Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से ऑनर किलिंग का एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के बजेहरा गांव में 1 जुलाई की सुबह पारिवारिक विवाद और गुस्से में आकर एक भाई ने अपनी ही मासूम बहन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बहन अपनी जान बचाने के लिए बदहवास होकर भागी, लेकिन सिरफिरे आरोपी भाई ने उसे दौड़ाकर घर के बाहर ही बेदर्दी से मौत के घाट उतार दिया। इस खौफनाक और सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और हड़कंप मच गया है।

क्या है पूरा मामला

मृतका की पहचान सुमिरता के रूप में हुई है, जो राजाराम यादव की पुत्री थी। सुमिरता का नौवनबाग इलाके के रहने वाले अनुराग नाम के युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी प्रेम प्रसंग के चलते सुमिरता कुछ समय पहले अनुराग के साथ घर से भाग गई थी। इस घटना के बाद परिजनों ने थाने में मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए 23 जुलाई को सुमिरता को बरामद किया और कोर्ट में पेश किया। इसके बाद अदालत के आदेश पर सुमिरता को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था।

भाई ने कहासुनी के बाद घर के बाहर की बहन की हत्या

घर वापस आने के बाद भी परिवार में नाराजगी बनी हुई थी। शनिवार सुबह किसी बात को लेकर भाई कोमल और सुमिरता के बीच तीखी बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि कोमल गुस्से में आकर अपनी बहन को मारने के लिए झपटा। अपनी जान बचाने के लिए सुमिरता कमरे से निकलकर बाहर भागी, लेकिन सिरफिरे भाई ने उसे दौड़ा दिया और घर के बाहर ही बांके से उसकी गर्दन काटकर हत्या कर दी।

पुलिस की जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी दुर्गेश सिंह, क्षेत्राधिकारी (सीओ), स्थानीय थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा करवाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और साक्ष्य जुटाए हैं। इस मामले में मृतका के परिजनों ने अपने बेटे कोमल के अलावा प्रेमी अनुराग की बहन और बहनोई नेकपाल के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया है। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर सभी नामजद आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

सीतापुर से मोहित मिश्रा की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें

पत्नी ने पिलाया जहरीला कोल्ड ड्रिंक, फिर साड़ी से गला घोंटकर की पति की हत्या; 20 साल पहले की थी लव मैरिज

'चोरी करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है', कानपुर पुलिस ने चोर का निकाला जुलूस, हाथ जोड़कर माफी मांगता दिखा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।