1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. चॉकलेट का डिब्बा चोरी करने पर पिता ने 12 साल की बेटी को डंडे से पीटकर मार डाला, पत्नी को शव के साथ कमरे में बंद किया

चॉकलेट का डिब्बा चोरी करने पर पिता ने 12 साल की बेटी को डंडे से पीटकर मार डाला, पत्नी को शव के साथ कमरे में बंद किया

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Mar 30, 2026 10:50 pm IST,  Updated : Mar 30, 2026 11:55 pm IST

बच्ची ने एक दुकान से चॉकलेट का डब्बा चुराया था। इसकी शिकायत मिलने पर आरोपी पिता ने डंडे से पीटकर बेटी की हत्या कर दी। इसके बाद पत्नी को उसके शव के साथ कमरे में बंद कर भाग गया।

bulandshahar- India TV Hindi
बच्ची की मौत के बाद मचा हंगामा Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने मामूली बात पर अपनी ही नाबालिग बेटी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात थाना नरौरा क्षेत्र के गांव रतनपुर की है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना 27 मार्च की है। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 27 मार्च को 12 वर्षीय पूजा पर आरोप था कि वह पास की एक परचून की दुकान से चॉकलेट का डिब्बा चोरी कर घर ले आई थी। इसी बात को लेकर उसके पिता पुष्पेंद्र उर्फ पप्पू गुस्से में आ गया। गुस्से में आकर उसने बेटी को डंडे से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। मारपीट इतनी गंभीर थी कि पूजा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

महिला ने पति के खिलाफ कराया केस

बताया जा रहा है कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता ने अपनी पत्नी और बेटी के शव को घर के अंदर बंद कर दिया और मौके से फरार हो गया। घर के अंदर बंद महिला ने किसी तरह शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दरवाजा खुलवाया। दरवाजा खुलते ही घटना की भयावह सच्चाई सामने आई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पिता पुष्पेंद्र उर्फ पप्पू के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया।

पुलिस की जांच जारी

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रविवार की देर शाम आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। लोग इस निर्मम घटना से स्तब्ध हैं और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

(बुलंदशहर से वरुण शर्मा की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

कुख्यात उग्रवादी समेत 9 माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण, डेडलाइन से एक दिन पहले आंध्र प्रदेश में नक्सलवाद का अंत

कानपुर में किडनी ट्रांसप्लांट के बड़े रैकेट का पर्दाफाश, 3 अस्पतालों पर छापेमारी, लखनऊ से आते थे डॉक्टर

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।