1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. UP में 4 करोड़ का शिक्षक एरियर घोटाला, CBI ने लखनऊ, अयोध्या समेत 14 ठिकानों पर की छापेमारी

UP में 4 करोड़ का शिक्षक एरियर घोटाला, CBI ने लखनऊ, अयोध्या समेत 14 ठिकानों पर की छापेमारी

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jun 17, 2026 11:52 pm IST,  Updated : Jun 17, 2026 11:55 pm IST

CBI ने यूपी के लखनऊ, अयोध्या, कुशीनगर, प्रतापगढ़ और अमेठी समेत कुल 14 ठिकानों पर छापेमारी की। मामला बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षकों और अन्य लाभार्थियों के एरियर भुगतान में की गई कथित अनियमितताओं से जुड़ा है।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : PTI

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बुधवार को उत्तर प्रदेश में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लखनऊ, अयोध्या, कुशीनगर, प्रतापगढ़ और अमेठी समेत कुल 14 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षकों के एरियर भुगतान में हुई लगभग 4 करोड़ रुपये की वित्तीय धोखाधड़ी और सरकारी धन के गबन के मामले में की गई है।

हाई कोर्ट के आदेश पर शुरू हुई CBI जांच

यह पूरा मामला बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षकों और अन्य लाभार्थियों के एरियर भुगतान में की गई कथित अनियमितताओं से जुड़ा है। इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ पीठ के आदेश के बाद CBI ने इस मामले की जांच अपने हाथ में ली है। केंद्रीय एजेंसी द्वारा दर्ज की गई FIR में अब तक पांच लोगों को नामजद किया गया है।

ऐसे हुआ 4 करोड़ का घोटाला

CBI के अनुसार, मामले के मुख्य आरोपियों में से एक, जो उस समय बेसिक शिक्षा विभाग में जूनियर अकाउंट्स क्लर्क के पद पर तैनात था, ने अन्य आरोपियों और कुछ अज्ञात लोगों के साथ मिलकर एक आपराधिक साजिश रची। इस साजिश के तहत शिक्षकों के हक के लगभग 4 करोड़ रुपये सरकारी खाते से डाइवर्ट कर अलग-अलग निजी बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए गए।

अमेठी के जिलाधिकारी संजय चौहान ने बताया, "यह धनराशि शिक्षकों और अन्य लाभार्थियों के एरियर का भुगतान करने के लिए थी। मामला सामने आने के बाद शुरुआती जांच कराई गई थी। सबूतों के आधार पर पहले पुलिस में एफआईआर दर्ज की गई और जिम्मेदार लोगों से रकम वसूली के निर्देश दिए गए थे। बाद में आरोपी पक्षों के हाई कोर्ट पहुंचने पर अदालत के निर्देश पर यह जांच CBI को सौंप दी गई।"

छापेमारी में मिले दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस

बुधवार को राज्यभर में हुई इस छापेमारी के दौरान CBI की टीमों को कई अहम कामयाबी मिली हैं। अधिकारियों ने बताया कि तलाशी के दौरान गबन की गई रकम के निवेश और उसके इस्तेमाल से जुड़े कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही, कई डिजिटल डिवाइस और गैजेट्स को भी जब्त किया गया है, जिनकी फॉरेंसिक जांच से इस घोटाले के पीछे छिपे अन्य चेहरों और पैसों के लेनदेन का पर्दाफाश होने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें-

VIDEO: रॉटवाइलर नस्ल के कुत्ते ने साइकिल चला रहे बच्चे को काटा, पैरेंट्स ने सवाल किया तो मालिक ने दी धमकी

ट्रेनिंग पूरी होने वाली थी, उससे पहले 22 वर्षीय अग्निवीर को आया हार्ट अटैक, हो गई मौत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।