1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. चैत्र रामनवमी: पूरे यूपी में होगा श्रीरामचरितमानस का अखंड पाठ, सीएम योगी बोले- नवरात्र में 24 घंटे बिजली मिलेगी

चैत्र रामनवमी: पूरे यूपी में होगा श्रीरामचरितमानस का अखंड पाठ, सीएम योगी बोले- नवरात्र में 24 घंटे बिजली मिलेगी

 Reported By: Ruchi Kumar Edited By: Shakti Singh
 Published : Mar 29, 2025 04:45 pm IST,  Updated : Mar 29, 2025 05:27 pm IST

चैत्र नवरात्र और श्रीरामनवमी के सकुशल आयोजन के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा बैठक की। उन्होंने इस दौरान निर्देश दिए कि बासंतिक नवरात्र पर पूरे प्रदेश में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनुश्चित करें।

Yogi adityanath- India TV Hindi
योगी आदित्यनाथ Image Source : PTI

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चैत्र रामनवमी के मंगलमयी उपलक्ष्य में सभी जनपदों में 24 घंटे का श्रीरामचरिमानस का अखंड पाठ कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि पांच अप्रैल दोपहर से प्रारंभ अखण्ड मानस पाठ की पूर्णाहुति छह अप्रैल को श्रीरामनवमी के दिन दोपहर 12 बजे श्रीरामजन्मभूमि मंदिर में श्रीरामलला के सूर्य तिलक के साथ होना चाहिए। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सभी जनपदों में देवालयों/मन्दिरों में आवश्यक व्यवस्थाएं प्रारम्भ कर दी गई हैं।

शनिवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वासंतिक नवरात्र और श्रीरामनवमी से संबंधित तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देवीपाटन मंदिर, बलरामपुर, शाकुम्भरी देवी मंदिर सहारनपुर, विंध्यवासिनी देवी धाम, मीरजापुर आदि प्रमुख देवी मंदिरों व शक्तिपीठों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन होगा। 

धूप से बचाने के लिए मैट, छाजन की व्यवस्था करें

सूर्य तिलक का दर्शन करने अयोध्या में पूरे देश से लोगों के आगमन की संभावना है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से जुड़े सभी आवश्यक प्रबन्ध किये जाने चाहिए। कतारबद्ध श्रद्धालुओं को तेज धूप में खड़े होने में समस्या न हो, इसके लिए जूट मैटिंग कराई जाए। सभी देवालयों में पेयजल के पुख्ता प्रबंध होने चाहिए। छाजन की व्यवस्था कराई जाए।

पूरे प्रदेश में 24 घंटे बिजली मिलेगी

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि चैत्र नवरात्र के दिनों में पूरे प्रदेश में समान रूप से निर्बाध 24 घंटे बिजली आपूर्ति की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि मंदिरों के आसपास अंडा, मांस आदि की दुकानें नहीं होनी चाहिए, साथ ही यह भी सुनिश्चित करायें कि कहीं भी अवैध स्लाटरिंग न हों।

स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने नवरात्र के दृष्टिगत नगर विकास विभाग और ग्राम्य विकास विभाग को नगरों और गांवों में मंदिरों/देवालयों के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में स्वच्छ परिवेश सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने के भी निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सफाई कर्मी भी लगाए जाएं। मुख्यमंत्री ने पुलिस को स्थानीय आवश्यकताओं के दृष्टिगत भीड़ प्रबंधन और फुट पेट्रोलिंग की बेहतर कार्य योजना लागू करने के भी निर्देश दिये।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।