1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. चंदौली: दोस्तों को देरी से परोसा खाना तो नाराज हो गया दूल्हा, बारातियों संग लौटा घर और फुफेरी बहन से कर ली शादी

चंदौली: दोस्तों को देरी से परोसा खाना तो नाराज हो गया दूल्हा, बारातियों संग लौटा घर और फुफेरी बहन से कर ली शादी

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Dec 30, 2024 07:06 am IST,  Updated : Dec 30, 2024 07:06 am IST

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी दूल्हा पहले से ही किसी लड़की से बात करता था और उसके यहां से लौटने के बाद उसने उसी लड़की के साथ निकाह पढ़ लिया।

Chandauli bridge- India TV Hindi
शादी टूटने के बाद पीड़िता एसपी ऑफिस पहुंची Image Source : INDIA TV

उत्तर प्रदेश के चंदौली में दूल्हे के दोस्तों को खाना देरी से मिला तो उसने शादी ही तोड़ दी और घर लौटकर अपनी फुफेरी बहन के साथ निकाह पढ़ लिया। जब लड़की वालों को इस निकाह के बारे में पता चला तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, दहेज के पैसे वापस मिलने के बाद दोनों पक्षों में सुलह हो गई। पुलिस ने कहा कि दोनों पक्षों की तरफ से लिखित समझौता किया गया है और कहा गया है कि वह कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं। ऐसे में किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी।

मामला चंदौली के हमीदपुर गांव का है। यहां दो परिवार के लोगों ने मिलकर रिश्ता तय किया था। 22 दिसंबर को शादी होनी थी। सब कुछ सही चल रहा था। बारात भी समय पर आ गई और सभी का स्वागत सत्कार हुआ। बारात आने से पहले लड़के के घर वालों को दहेज भी मिल गया था। हालांकि, लड़के के दोस्तों को खाना मिलने में थोड़ी देरी हो गई। इससे दूल्हा नाराज हो गया और शादी तोड़ दी।

घर पहुंचकर फुफेरी बहन से किया निकाह

शादी टूटने के बाद दूल्हा बारात लेकर वापस लौट गया और घर पहुंचकर अपने अब्बा की बहन की लड़की के साथ निकाह पढ़ लिया। घटना से आहत लड़की पक्ष के लोग अगले दिन एसपी ऑफिस पहुंचे और एसपी से न्याय की गुहार लगाई। एसपी के आदेश पर मुगलसराय कोतवाली में पुलिस के सामने दोनों पक्षों की पंचायत हुई और एक लाख साठ हजार लड़की पक्ष को लड़के पक्ष ने दिए। इसके बाद थाने में दोनों पक्षों के बीच सुलहनामा हो गया।  

पुलिस का बयान

इस संबंध में प्रभारी सीओ राजेश राय ने बताया कि सोशल मीडिया में एक समाचार वायरल हो रहा है कि मुगलसराय कोतवाली के हमीदपुर में मुस्लिम परिवार की बारात वापस हो गई और पुलिस पक्ष ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में अवगत कराना है कि ग्राम हमीदपुर निवासी दोनों मुस्लिम परिवार की 22 दिसंबर 2024 को शादी तय हुई थी। शादी के दौरान कतिपय कारणों से लड़का पक्ष द्वारा शादी करने से इंकार कर दिया गया और बारात वापस चली गई। 

नहीं होगी कोई कार्रवाई

बारात वापसी के संबंध में लड़की पक्ष द्वारा प्रार्थना पत्र देकर पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की मांग की गई थी। इस पर मुगलसराय कोतवाली पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के बीच संभ्रांत व्यक्तियों की उपस्थिति में सुलह समझौता कराया गया। दोनों पक्षों द्वारा विवाह में खर्च की गए धनराशि को वापस करते हुए लिखित समझौता किया गया है कि अब हम इसमें कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं। इसलिए इस मामले में अब कोई विधिक कार्रवाई की आवश्यकता नहीं है। 

(चंदौली से संतोष कुमार की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।