1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बलिया में पवन सिंह और रवि किशन के कार्यक्रम में बवाल, भीड़ बेकाबू होने पर पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज

बलिया में पवन सिंह और रवि किशन के कार्यक्रम में बवाल, भीड़ बेकाबू होने पर पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Jun 18, 2026 10:44 am IST,  Updated : Jun 18, 2026 10:45 am IST

बलिया में पवन सिंह और रवि किशन एक कार्यक्रम का हिस्सा बनने पहुंचे थे, लेकिन भारी भीड़ के चलते हालात बेकाबू हो गए और पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।

Balia- India TV Hindi
बलिया में आयोजित कार्यक्रम में मची अफरा-तफरी Image Source : REPORTER INPUT

भोजपुरी सुपरस्टार और भाजपा एमएलसी पवन सिंह के कार्यक्रम में उस समय अफरा-तफरी में बदल गई, जब भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। बलिया जिले के नगरा में आयोजित एक जन्मदिन समारोह के दौरान हुए इस हंगामे में कई लोगों के घायल होने की खबर है, जबकि घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, नगरा ब्लॉक के पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनिल सिंह के रिश्तेदार और कारोबारी विनय सिंह के पुत्र श्रेयश के जन्मदिन पर एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया था। समारोह में मुख्य आकर्षण भोजपुरी सिनेमा के दो बड़े चेहरे गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन और लोकप्रिय भोजपुरी एक्टर पवन सिंह थे।

पुलिस ने किया लाठीचार्ज 

रात करीब 10 बजे कार्यक्रम शुरू होते ही दोनों सितारों को देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंच गए। इस दौरान भारी भीड़ मंच के करीब पहुंचने लगी, हालात बेकाबू हो गए। ऐसे में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। घटना के दौरान कई लोगों को चोटें आईं। कुछ लोगों के सिर में चोट लगने और हाथ-पैर में फ्रैक्चर होने की भी चर्चा है। हंगामे के कारण कार्यक्रम को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस बीच मंच पर मौजूद रवि किशन और पवन सिंह ने अपने अंदाज से लोगों का मनोरंजन भी किया। दोनों नेताओं और कलाकारों ने मंच पर गीत-संगीत के बीच ठुमके लगाए, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

पवन सिंह के बयान ने बटोरी सुर्खियां

कार्यक्रम के दौरान पवन सिंह का एक बयान भी चर्चा में रहा। उन्होंने कहा कि वह किसी भी राजनीतिक पद पर पहुंच जाएं, लेकिन सबसे पहले खुद को कलाकार मानते हैं। उनके इस बयान पर उपस्थित लोगों ने जमकर तालियां बजाईं। हालांकि, कार्यक्रम में एक दिलचस्प वाकया भी देखने को मिला। मंच से संबोधन के दौरान पवन सिंह कथित तौर पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दयाशंकर सिंह का नाम लेने की बजाय उनके राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी और बसपा विधायक उमाशंकर सिंह का नाम बोल बैठे।

(रिपोर्ट: अमित कुमार)

यह भी पढ़ें-

गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे के पास बड़ा हादसा, सीवर लाइन के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरी कार

खेलते-खेलते सेप्टिक टैंक में समा गया 5 साल का मासूम, दर्दनाक हादसे का CCTV फुटेज वायरल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।