1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 'आतंक के खिलाफ नए भारत की नीति का स्पष्ट ऐलान', पीएम मोदी के संबोधन पर बोले सीएम योगी

'आतंक के खिलाफ नए भारत की नीति का स्पष्ट ऐलान', पीएम मोदी के संबोधन पर बोले सीएम योगी

 Edited By: Niraj Kumar
 Published : May 12, 2025 11:55 pm IST,  Updated : May 12, 2025 11:55 pm IST

उन्होंने कहा, “जो हमारी माताओं-बहनों के माथे से सिंदूर मिटाने का दुस्साहस करेगा, उसका मिट्टी में मिलना तय है। भारत अब चुप नहीं बैठेगा, हर वार का जवाब हमारी शर्तों पर होगा।

CM Yogi- India TV Hindi
सीएम योगी Image Source : PTI

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन की तारीफ की और इस इसे ‘आतंक के खिलाफ नए भारत की नीति का स्पष्ट ऐलान’ बताया। मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर कहा, “आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आज (सोमवार को) का संबोधन आतंक के खिलाफ ‘नए भारत’ की नीति का स्पष्ट ऐलान है। मुख्यमंत्री ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए कहा, “ऑपरेशन सिंदूर’ सिर्फ एक सैन्य कार्रवाई नहीं, ये बहनों-बेटियों के सम्मान की रक्षा का संकल्प है।” 

उन्होंने कहा, “जो हमारी माताओं-बहनों के माथे से सिंदूर मिटाने का दुस्साहस करेगा, उसका मिट्टी में मिलना तय है। भारत अब चुप नहीं बैठेगा, हर वार का जवाब हमारी शर्तों पर होगा। सेना को नमन और आदरणीय प्रधानमंत्री जी का राष्ट्रवादी नेतृत्व के लिए अभिनंदन।” योगी ने कहा, “हम भारतीयों के लिए राष्ट्र हमेशा सबसे पहले रहेगा। 

पीएम मोदी का संबोधन

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा-' 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकवादियों ने जो बर्बरता दिखाई थी, उसने देश और दुनिया को झकझोर दिया था। छुट्टियां मना रहे निर्दोष-मासूम नागरिकों को धर्म पूछकर, उनके परिवार के सामने, उनके बच्चों के सामने, बेरहमी से मार डालना, ये आतंक का बहुत विभत्स चेहरा था, क्रूरता थी। ये देश के सद्भाव को तोड़ने की घिनौनी कोशिश भी थी। मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से ये पीड़ा बहुत बड़ी थी। इस आतंकी हमले के बाद सारा राष्ट्र, हर नागरिक, हर समाज, हर वर्ग, हर राजनीतिक दल, एक स्वर में, आतंक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए उठ खड़ा हुआ। हमने आतंकवादियों को मिट्टी में मिलाने के लिए भारत की सेनाओं को पूरी छूट दे दी। और आज हर आतंकी, आतंक का हर संगठन जान चुका है कि हमारी बहनों-बेटियों के माथे से सिंदूर हटाने का अंजाम क्या होता है।'

‘ऑपरेशन सिंदूर’ न्याय की अखंड प्रतिज्ञा 

उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा-‘ऑपरेशन सिंदूर’ ये सिर्फ नाम नहीं है, ये देश के कोटि-कोटि लोगों की भावनाओं का प्रतिबिंब है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ न्याय की अखंड प्रतिज्ञा है। 6 मई की देर रात, 7 मई की सुबह, पूरी दुनिया ने इस प्रतिज्ञा को परिणाम में बदलते देखा है। भारत की सेनाओं ने पाकिस्तान में आतंक के ठिकानों पर, उनके ट्रेनिंग सेंटर्स पर सटीक प्रहार किया। आतंकियों ने सपने में भी नहीं सोचा था कि भारत इतना बड़ा फैसला ले सकता है। लेकिन जब देश एकजुट होता है, Nation First की भावना से भरा होता है, राष्ट्र सर्वोपरि होता है, तो फौलादी फैसले लिए जाते हैं, परिणाम लाकर दिखाए जाते हैं।'

आतंक के हेडक्वार्ट्स उजाड़ दिए गए

पीएम मोदी ने सशस्त्र बलों के शौर्य को नमन किया और कहा-'आतंकियों ने हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ा था, इसलिए भारत ने आतंक के ये हेडक्वार्ट्स उजाड़ दिए। भारत के इन हमलों में 100 से अधिक खूंखार आतंकवादियों को मौत के घाट उतारा गया है। आतंक के बहुत सारे आका, बीते ढाई-तीन दशकों से खुलेआम पाकिस्तान में घूम रहे थे, जो भारत के खिलाफ साजिशें करते थे, उन्हें भारत ने एक झटके में खत्म कर दिया। भारत के ड्रोन्स, भारत की मिसाइलों ने सटीकता के साथ हमला किया। पाकिस्तानी वायुसेना के उन एयरबेस को नुकसान पहुंचाया, जिस पर पाकिस्तान को बहुत घमंड था। भारत ने पहले तीन दिनों में ही पाकिस्तान को इतना तबाह कर दिया, जिसका उसे अंदाजा भी नहीं था।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।