कुशीनगरः यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर के फाजिल नगर का नाम बदलने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि हम इसे फाजिल क्यों कहें। सीएम योगी ने कहा कि इस जगह को अब पावागढ़ के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि हमने फाजिल नगर के विधायक की मांग को मंजूर कर दिया है। विधायक ने इस जगह के नाम को बदलने की मांग की थी।
यूपी से मच्छर और माफिया दोनों खत्म
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, "जैसे यूपी में माफिया खत्म हुआ है, वैसे ही यहां इंसेफेलाइटिस खत्म हो गया है। हमने मच्छरों के साथ-साथ माफिया को भी खत्म कर दिया। मच्छर बीमारियां लाते थे और माफिया बेरोजगारी लाता था। हमने दोनों बीमारियों को ठीक कर दिया। पहले कोई पर्व त्यौहार आता था तो दंगे शुरू हो जाते थे। पडरौना में कैसे दंगे हुए। न्याय मांगने जाते थे तो जेल में डाल दिए जाते थे।
विपक्ष पर साधा निशाना
विपक्ष पर निशाना साधते हुए सीएम योगी ने कहा कि जिसकी उम्र 25 से कम है वो जंगल पार्टी के आतंक के बारे में नहीं जनता होगा। कुशीनगर सबसे प्रभावित जनपदो में से था। किसान तबाह था, न सड़क थी, न बिजली थी, न पानी था और न ही किया चीज की सुविधा था। हर जगह माफिया राज था। याद करिए यहां के लोग आज से नौ वर्ष 10 वर्ष पहले किन स्थितियों में रहते थे। यहां पहचान का संकट था। किसान आत्महत्या करने के लिए मजबूर था। आम जनता माफिया और अपराधियों से परेशान था। न स्वास्थ्य की सुविधा थी। न शिक्षा की उत्तम व्यवस्था थी। यूपी के अंदर जो सुविधा नहीं थी, यूपी के बाहर जाओ तो पहचान का संकट था।
सीएम योगी ने किया विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
दरअसल, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कुशीनगर में 424 करोड़ लागत वाली 278 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि अब कुशीनगर के पास अपना मेडिकल कॉलेज है। साथ ही, इसी शैक्षणिक सत्र से हम कुशीनगर में कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का भी संचालन प्रारंभ करने जा रहे हैं।
सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन सरकार के आने के बाद अकेले कुशीनगर में लगभग 90 हजार गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही, 3 लाख 14 हजार से अधिक गरीब परिवारों के लिए शौचालयों का निर्माण कराया गया है।
ये भी पढ़ेंः हमीरपुर पुल हादसा: CM योगी के निर्देश पर जांच के लिए दो उच्चस्तरीय कमेटियां गठित, दोषियों पर होगी कार्रवाई