लखनऊः यूपी की राजधानी लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमने हर घर नल योजना को आगे बढ़ाया तो पता लगा कि कोई टोंटी चोरी कर ले रहा है। कोई अन्य प्रकार से नुकसान कर रहा है। यह कहकर सीएम योगी मुस्कराने लगे। दरअसल वृक्षारोपण के कार्यक्रम में सीएम योगी ने बिना नाम लिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा। हर घर नल योजना का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि कहीं नल खुला है तो खुला हुआ है। सीएम योगी ने लोगों से पानी बचाने की भी अपील की।
सीएम योगी ने कहा कि समाज के लोगों का दायित्व है कि वे सरकारी संपत्तियों का नुकसान करने वालों को रोकें और सार्वजनिक संस्थानों की सुरक्षा तय करें। उन्होंने यह भी कहा कि लोगों को सरकारी संपत्तियों का नुकसान करने से बचना चाहिए।
एक पेड़ माँ के नाम' अभियान का शुभारंभ
विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर एक दिन में 5 करोड़ पौधरोपण हेतु 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान का आज लखनऊ में शुभारंभ हुआ। इस कार्यक्रम में सीएम योगी भी शामिल हुए और पौधा भी लगाया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा,' धरती माता के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन करते हुए यदि प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों का ईमानदारी पूर्वक पालन करे, तो हम पर्यावरण का संरक्षण कर धरती माता को सुरक्षित एवं समृद्ध रख सकते हैं। आइए, हम सभी मिलकर पर्यावरण संरक्षण के इस महाभियान को सफल बनाएं और 'एक पेड़ माँ के नाम' अवश्य लगाएं'।
सीएम योगी ने कहा,' पर्यावरण बचेगा तो प्रकृति बचेगी, प्रकृति बचेगी तो जीव सृष्टि भी बचेगी। हर एक नागरिक का दायित्व बनता है कि मातृभूमि के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी पूर्वक निर्वहन करे। आइए, हम सभी प्रकृति के संरक्षण व संवर्धन हेतु अधिकाधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लें'।
यूपी में 9 साल में 242 करोड़ पौधे लगाए गएः योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार ने 'वन महोत्सव' पहल के तहत पिछले नौ वर्षों में 242 करोड़ पौधे लगाए हैं। विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 में जब उनकी अगुवाई में बीजेपी सरकार बनी थी, तो 'डबल इंजन' सरकार ने पहले साल में पांच करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान का जिक्र करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि तीन साल पहले शुरू की गई यह पहल प्रकृति और मातृभूमि के प्रति जिम्मेदारियों को पूरा करने की दिशा में एक कदम थी। सीएम ने कहा कि कहा कि अपनी मां और मातृभूमि के प्रति आभार व्यक्त करना भगवान राम के इस संदेश के अनुरूप है कि "जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी" (मां और मातृभूमि स्वर्ग से भी महान हैं)।
रिपोर्ट- विशाल प्रताप सिंह
ये भी पढ़ेंः यूपी में सरकारी वकीलों की फीस 50% बढ़ी, अधिवक्ताओं ने सीएम योगी का जताया आभार
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ को मायावती ने दी बधाई, सुबह सुबह भेजा "हैप्पी बर्थडे" का संदेश