1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. राहुल गांधी हाजिर हों... लखनऊ की MP-MLA कोर्ट में आज पेश होंगे कांग्रेस सांसद, जानिए क्या है मामला?

राहुल गांधी हाजिर हों... लखनऊ की MP-MLA कोर्ट में आज पेश होंगे कांग्रेस सांसद, जानिए क्या है मामला?

 Published : Jul 14, 2025 11:25 pm IST,  Updated : Jul 15, 2025 12:00 am IST

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के वकील ने कहा कि पेशी के बाद कोर्ट से जमानत के लिए अनुरोध किया जाएगा। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को आरोपी के तौर पर कोर्ट में तलब किया गया है।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी- India TV Hindi
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी Image Source : PTI

लोकसभा में विपक्ष के नेता एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी मंगलवार को लखनऊ की कोर्ट में पेश होंगे। राहुल गांधी अपनी 'भारत जोड़ो यात्रा' के दौरान भारतीय सैनिकों के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक बयान देने के मामले में मंगलवार को लखनऊ की विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश होंगे। 

राहुल गांधी को हाई कोर्ट से नहीं मिली राहत

सांसदों एवं विधायकों की विशेष कोर्ट ने इस मानहानि मामले में दायर शिकायत पर संज्ञान लेते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को आरोपी के तौर पर तलब किया है। राहुल गांधी ने इस समन के खिलाफ हाई कोर्ट में भी याचिका दायर की थी लेकिन उन्हें वहां से कोई राहत नहीं मिली। 

जानिए क्या बोले राहुल गांधी के वकील?

राहुल गांधी के वकील प्रांशु अग्रवाल ने कहा कि पेशी के बाद कोर्ट से जमानत का अनुरोध किया जाएगा। कांग्रेस सांसद के खिलाफ यह शिकायत सीमा सड़क संगठन के सेवानिवृत्त निदेशक उदय शंकर श्रीवास्तव ने दायर की थी। 

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान का है मामला

शिकायत में कहा गया है कि 16 दिसंबर 2022 को अपनी 'भारत जोड़ो यात्रा' के दौरान राहुल गांधी ने विभिन्न मीडियाकर्मियों और जनता को संबोधित करते हुए नौ दिसंबर 2022 को अरुणाचल प्रदेश की सीमा पर भारतीय सेना और चीनी सेना के बीच हुई झड़प का ज़िक्र करते हुए कहा था कि ''लोग भारत जोड़ो यात्रा के बारे में तो पूछेंगे, लेकिन चीनी सैनिकों द्वारा हमारे सैनिकों की पिटाई के बारे में एक बार भी नहीं पूछेंगे।' 

मानहानि के आरोप में तलब करने का था आदेश

शिकायत में कहा गया है कि राहुल गांधी के इस बयान से शिकायतकर्ता आहत हुआ है। विशेष कोर्ट ने 11 फरवरी 2025 को शिकायत पर सुनवाई के बाद राहुल गांधी को मानहानि के आरोप में तलब करने का आदेश दिया था। (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।