1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. UP: 3 दिन और 24 बुलडोजर, छांगुर बाबा से वसूली जाएगी ध्वस्तीकरण की लागत, जानिए कितनी है ये रकम?

UP: 3 दिन और 24 बुलडोजर, छांगुर बाबा से वसूली जाएगी ध्वस्तीकरण की लागत, जानिए कितनी है ये रकम?

 Published : Jul 14, 2025 04:35 pm IST,  Updated : Jul 14, 2025 04:42 pm IST

अवैध धर्मांतरण के आरोपी जलालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा ने अवैध कब्जा कर भवन का निर्माण कराया था। भवन के ध्वस्तीकरण में आठ बुलडोजर के माध्यम से तीन दिन में कुल 24 बुलडोजर के माध्यम से कब्जा हटाया गया था। इसमें प्रशासन के काफी रुपये भी खर्च हुए हैं।

छांगुर बाबा के ठिकानों पर चला बुलडोजर- India TV Hindi
छांगुर बाबा के ठिकानों पर चला बुलडोजर Image Source : FILE PHOTO

उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में प्रशासन ने अवैध धर्मांतरण के आरोपी जलालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा और उसके सहयोगियों से सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण के ध्वस्तीकरण में खर्च हुए रकम वसूलेगी। जिला प्रशासन ध्वस्तीकरण में खर्च हुए 8.55 लाख रुपये धनराशि की वसूली करने का फैसला किया है। बलरामपुर के जिलाधिकारी (DM) पवन अग्रवाल ने सोमवार को कहा कि उतरौला क्षेत्र के मधपुर गांव स्थित गाटा संख्या 370 एवं 337 में अवैध कब्जा कर भवन का निर्माण किया गया था, जिसको हटाने के लिए प्रशासन द्वारा नोटिस जारी कर एक सप्ताह में अवैध कब्जा हटाने का निर्देश दिया गया था। 

हर दिन चले 8 बुलडोजर

जिलाधिकारी ने कहा कि नोटिस जारी करने के एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी कब्जा नहीं हटाया गया। विवश होकर प्रशासन को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करनी पड़ी। अग्रवाल ने कहा कि अवैध रूप से बने भवन के ध्वस्तीकरण में आठ बुलडोजर के माध्यम से तीन दिन में कुल 24 बुलडोजर के जरिए अवैध कब्जा हटाया गया। 

कुल 8 लाख 55 हजार रुपये आया खर्च

डीएम के मुताबिक, इस ध्वस्तीकरण की कार्रवाई में कुल खर्च आठ लाख 55 हजार रुपये आया है। उन्होंने कहा कि इस धनराशि को जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने वाले लोगों से वसूला जाएगा। उन्होंने कहा कि वसूली का नोटिस जारी किया जा रहा है और क्षतिपूर्ति न जमा होने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 

UP ATS ने बाबा को लिया हिरासत में

उत्तर प्रदेश पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने जबरन धर्म परिवर्तन कराने वाले एक गिरोह के कथित सरगना जलालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा को एक सप्ताह की हिरासत में लिया था, जिसके कुछ दिनों बाद यह कार्रवाई की गई है। 

बरामद किए गए महत्वपूर्ण दस्तावेज

एटीएस की एक टीम ने शुक्रवार को मधपुर स्थित उसके घर का दौरा किया और चल रही जांच के सिलसिले में महत्वपूर्ण दस्तावेज एकत्र किए। जलालुद्दीन और सह-आरोपी नीतू उर्फ नसरीन को पांच जुलाई को गिरफ्तार किया गया था। (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।