1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. VIDEO: BJP MLC को 'डिजिटल अरेस्ट' करने की साजिश, मुंबई ATS बन ठगों ने डेढ़ घंटे तक कमरे में रखा बंद

VIDEO: BJP MLC को 'डिजिटल अरेस्ट' करने की साजिश, मुंबई ATS बन ठगों ने डेढ़ घंटे तक कमरे में रखा बंद

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Mar 05, 2026 02:47 pm IST,  Updated : Mar 05, 2026 02:57 pm IST

MLC शैलेंद्र सिंह के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को मुंबई एटीएस का अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके नाम पर केनरा बैंक में एक फर्जी खाता खुला है।

MLC शैलेंद्र सिंह को डिजिटल अरेस्ट की कोशिश- India TV Hindi
MLC शैलेंद्र सिंह को डिजिटल अरेस्ट की कोशिश Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में साइबर ठगों ने जनप्रतिनिधि को निशाना बनाया। यह मामला सुल्तानपुर-अमेठी सीट से बीजेपी एमएलसी (MLC) शैलेंद्र सिंह का है, जिन्हें साइबर ठगों ने करीब डेढ़ घंटे तक'डिजिटल अरेस्ट' में रखने की कोशिश की। ठगों ने खुद को मुंबई पुलिस और एटीएस का अधिकारी बताकर उन्हें डराने की कोशिश, लेकिन एमएलसी की सतर्कता से उनका प्रयास विफल हो गया।

खुद को बताया मुंबई ATS का अधिकारी

घटना के अनुसार, एमएलसी शैलेंद्र सिंह के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को मुंबई पुलिस और एटीएस का बड़ा अधिकारी बताकर उन्हें डराने का प्रयास किया। ठगों ने दावा किया कि एमएलसी के नाम पर केनरा बैंक में एक फर्जी खाता खुला है, जिसका इस्तेमाल मनी लॉन्ड्रिंग और संदिग्ध आतंकी लेनदेन में किया जा रहा है।

कमरे में बंद होने का दिया निर्देश

ठगों ने मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने के लिए एमएलसी को वीडियो कॉल पर लिया और करीब 90 मिनट तक उलझाए रखा। इस दौरान उन्होंने एमएलसी को निर्देश दिया कि वे तुरंत घर के एक कमरे में जाकर दरवाजा अंदर से बंद कर लें। किसी भी बाहरी व्यक्ति से बात न करें। अपने आधार कार्ड और बैंक खातों की गोपनीय जानकारी शेयर करें। बातचीत के दौरान जब कमरे का दरवाजा थोड़ा खुला रह गया, तो ठगों ने नाराजगी जताते हुए कड़ाई से कहा कि किसी को भी अंदर न आने दिया जाए, ताकि वे पूरी तरह उनके नियंत्रण में रहें।

जब एमएलसी काफी देर तक कमरे में बंद रहे, तो वहां मौजूद उनके परिचितों को अनहोनी का संदेह हुआ। उन्होंने तुरंत उस नंबर की जांच की, जिससे कॉल आ रहा था। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि वह नंबर मुंबई एटीएस का नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश के सतना जिले की एक महिला के नाम पर पंजीकृत था। जैसे ही ठगों को आभास हुआ कि उनकी चोरी पकड़ी गई है, उन्होंने तुरंत कॉल काट दी।

घटना के बाद एमएलसी शैलेंद्र सिंह ने सुल्तानपुर साइबर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। साइबर थाना प्रभारी अखंडदेव मिश्रा ने बताया, "तहरीर के आधार पर अज्ञात ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिस नंबर और आईपी एड्रेस का इस्तेमाल किया गया था, उनकी ट्रेसिंग की जा रही है। साइबर सेल और क्राइम ब्रांच की टीमें मामले की गहन जांच में जुटी हैं।"

(जागृति श्रीवास्तव की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें-

"नीतीश कुमार ने ये पोस्ट नहीं किया", बिहार CM के राज्यसभा जाने के ऐलान पर RJD का बयान

हमने पहले ही कहा था कि नीतीश CM नहीं रहेंगे, हमारी सहानुभूति है: तेजस्वी यादव

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।